टेस्ट में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले एशियाई कप्तान, विराट कोहली से बहुत दूर बाबर आजम
बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम ने वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट में रौंदा। वह सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले एशियाई कप्तानों की लिस्ट में बहुत दूर हैं। सूची में सुपरस्टार विराट कोहली शीर्ष पर काबिज हैं।

पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से कराई। पाकिस्तान ने क्वींस पार्क ओवल में आयोजित दूसरे टेस्ट में 8 विकेट से जीत दर्ज की। मेजबान वेस्टइंडीज ने 75 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे पाकिस्तान ने 23.3 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया। पाकिस्तान ने तीन साल बाद विदेशी सरमजीं पर कोई टेस्ट मैच अपने नाम किया है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। यह उनका टेस्ट में पहला प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड है। वहीं, बाबर सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले एशियाई कप्तानों की लिस्ट में 15वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अब तक 22 टेस्ट में पाकिस्तान की कप्तानी की है और 11 में टीम ने जीत दर्ज की। उनकी अगुवाई में टीम को सात टेस्ट में हार मिली और चार ड्रॉ रहे। शान मसूद को बर्खास्त करने के बाद बाबर को पिछले महीने ही दोबारा पाकिस्तान का टेस्ट कप्तान नियुक्त गिया।
फेहरिस्त में विराट कोहली नंबर-1
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले एशियाई कप्तानों की फेहरिस्त में सुपरस्टार विराट कोहली नंबर-1 हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने 2014 से 2022 के दौरान 68 टेस्ट खेले और 40 में विजयी परचम फहाराया। 17 मैचों में हार मिली जबकि 11 ड्रॉ पर छूटे। कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं। वह टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल संन्यास ले चुके हैं और भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। लिस्ट में कोहली के बाद पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी हैं। धोनी की अगुवाई में भारत ने 60 टेस्ट में से 27 अपने नाम किए। भारत को इस दौरान 18 मैचों में शिकस्त का सामना करना पड़ा और 15 ड्रॉ रहे।
टॉप 5 में सौरव गांगुली भी शामिल
तीसरे पायदान पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक हैं। उन्होंने 56 मुकाबलों में नेतृत्व किया, जिसमें से पाकिस्तान ने 26 जीते और 19 गंवाए। 11 ड्रॉ रहे। सौरव गांगुली चौथे पायदान पर हैं। उन्होंने 49 टेस्ट में कमान संभाली और भारत ने 21 जीते। 13 में हार मिली और 15 ड्रॉ हो गए। श्रीलंका पूर्व कप्तान सनथ जयसूर्या पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने 38 टेस्ट में बागडोर संभालने के बाद 18 जिताए। उनकी अगुवाई में श्रीलंकाई टीम 12 मैच हारी और 8 ड्रॉ रहे।
सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले एशियाई कप्तान
40 - विराट कोहली
27 - एमएस धोनी
26 - मिस्बाह-उल-हक
21 - सौरव गांगुली
18 - सनथ जयसूर्या
18 - महेला जयवर्धने
14 - इमरान खान
14 - जावेद मियांदाद
14 - मोहम्मद अजहरुद्दीन
13 - एंजेलो मैथ्यूज
12 - अर्जुन रणतुंगा
12 - वसीम अकरम
12 - रोहित शर्मा
12 - दिमुथ करुणारत्ने
11 - बाबर आजम
11 - इंजमाम-उल-हक
10 - वकार यूनिस
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



