
कोहली दिल्ली के लिए उपलब्ध नहीं, क्या ऋषभ पंत और हर्षित राणा भी नहीं खेलेंगे विजय हजारे ट्रॉफी मैच?
स्टार बल्लेबाज विराट कोहली रेलवे के खिलाफ मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि, विकेटकीपर ऋषभ पंत और पेसर हर्षित राणा दिल्ली के लिए अगले विजय हजारे ट्रॉफी मैच में खेलेंगे।
भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली मंगलवार को रेलवे के खिलाफ दिल्ली के विजय हजारे ट्रॉफी मैच में नहीं खेलेंगे। मुख्य कोच सरनदीप सिंह ने यह जानकारी दी। देश की इस शीर्ष घरेलू एकदिवसीय प्रतियोगिता में वापसी करते हुए कोहली ने दो मैच में 131 और 77 रन की पारी खेली थी और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू हो रही वनडे सीरीज के लिए जल्द ही राष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे।
सरनदीप ने हालांकि कहा कि तेज गेंदबाज हर्षित राणा और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अलूर में मंगलवार को होने वाले इस मुकाबले में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। भारत के पूर्व स्पिनर सरनदीप ने पीटीआई से कहा, ‘‘विराट उपलब्ध नहीं है। पंत और हर्षित कल खेलेंगे।’’ दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने इससे पहले संकेत दिए थे कि कोहली तीन मैच खेल सकते हैं।
कोहली ने विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 16,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड कायम किया। कोहली ने 330वीं पारी में इस मुकाम को हासिल कर दिग्गज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। तेंदुलकर ने 391 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। दिल्ली की टीम अपने पांच में से चार मैच जीतकर ग्रुप डी में शीर्ष पर चल रही है और रेलवे के खिलाफ जीत उसे अगले दौर में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त होनी चाहिए।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे मैच 11 जनवरी को वडोदरा में खेला जाएगा जबकि अगले दो मैच में 14 और 18 जनवरी को क्रमश: राजकोट और इंदौर में होंगे। अब भारत के लिए सिर्फ वनडे प्रारूप में खेलने वाले कोहली बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैच की घरेलू सीरीज में दो शतक जड़ने के अलावा नाबाद 65 रन की पारी भी खेली।






