
IND Vs NZ: 1 शतक लगाते ही विराट कोहली तोड़ देंगे सहवाग और पोंटिंग का रिकॉर्ड, इस मामले में बन जाएंगे नंबर वन
11 जनवरी 2026 से शुरू होने वाली इस तीन मैचों की सीरीज में कोहली यदि एक भी शतक जड़ देते हैं, तो वह भारत के पूर्व दिग्गज वीरेंद्र सहवाग और ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बन जाएंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के पास आगामी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में इतिहास रचने का एक सुनहरा मौका है। 11 जनवरी 2026 से शुरू होने वाली इस तीन मैचों की सीरीज में कोहली यदि एक भी शतक जड़ देते हैं, तो वह भारत के पूर्व दिग्गज वीरेंद्र सहवाग और ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बन जाएंगे।
वर्तमान में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड संयुक्त रूप से इन तीनों खिलाड़ियों (विराट कोहली, रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग) के नाम है, जिन्होंने 6-6 बार यह कारनामा किया है। इस एक शतक के साथ कोहली न केवल सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ेंगे, बल्कि रिकी पोंटिंग को भी पीछे छोड़ देंगे और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज के रूप में सिंहासन पर अकेले काबिज होंगे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ विराट कोहली का प्रदर्शन हमेशा से दबदबे वाला रहा है। उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ अब तक 31 पारियों (33 मैचों) में 1657 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं। उनके खिलाफ कोहली का उच्चतम स्कोर 154 रन रहा है। वहीं, वीरेंद्र सहवाग ने 23 पारियों में 6 शतक जड़े थे, जबकि रिकी पोंटिंग ने 50 पारियों में इतने ही शतक लगाए थे। इनके बाद महान सचिन तेंदुलकर (5 शतक, 41 पारी) और सनथ जयसूर्या (5 शतक, 45 पारी) का नाम आता है। यह आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि कोहली का स्ट्राइक रेट और निरंतरता उन्हें इस सूची में सबसे खास बनाती है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज
विराट कोहली (भारत)- 6 शतक
रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया)-6 शतक
वीरेंद्र सहवाग (भारत)-6 शतक
सनथ जयसूर्या (श्रीलंका)-5 शतक
सचिन तेंदुलकर (भारत)-5 शतक
बता दें कि मौजूदा समय में विराट कोहली शानदार फॉर्म से गुजर रह हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में उन्होंने 302 रन बनाकर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का खिताब जीता था, जिसमें दो शानदार शतक शामिल थे। इसके अतिरिक्त, घरेलू क्रिकेट में विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से खेलते हुए उन्होंने आंध्र प्रदेश के खिलाफ 131 रनों की विस्फोटक शतकीय पारी खेली और गुजरात के खिलाफ भी 77 रन बनाए। गौरतलब है कि पिछली बार जब कोहली आईसीसी इवेंट में न्यूजीलैंड के सामने आए थे, तब उन्होंने सचिन तेंदुलकर के सर्वाधिक वनडे शतकों का रिकॉर्ड तोड़ा था। विराट कोहली जिस फॉर्म में चल रहे हैं अगर यही रिदम बरकरार रखते हैं तो इस उपलब्धि को जल्दी ही अपने नाम कर सकते हैं।






