सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड को धराशायी करने के करीब हैं विराट कोहली, एक साथ रच सकते हैं कई इतिहास
सुनील गावस्कर के एक बड़े रिकॉर्ड को धराशायी करने के करीब विराट कोहली पहुंच गए हैं। एक और शतक लगाकर वे एक साथ कई इतिहास रच सकते हैं। विराट ने कमाल की पारी तिरुवनंतपुरम में खेली थी।

विराट कोहली ने रविवार 27 सितंबर को वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना 55वां शतक पूरा किया। इसी के साथ उन्होंने पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर के एक बड़े रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। अगर सीरीज के बाकी बचे दो मैचों में से एक भी मैच में विराट कोहली ने शतक जड़ दिया तो वह सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड को धराशायी भी कर देंगे। तिरुवनंतपुरम में 139 रनों की पारी खेलकर भारत को जीत दिलाने वाले विराट कोहली ने कई रिकॉर्ड बनाए और तोड़े। इसी दौरान विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस रिकॉर्ड पर अभी तक गावस्कर का कब्जा था।
सुनील गावस्कर ने 38 मैचों में वेस्टइंडीज के खिलाफ 13 शतक इंटरनेशनल क्रिकेट में जड़े थे, जबकि विराट कोहली ने 74 मैचों में 13 शतक कैरेबियाई टीम के खिलाफ पूरे किए हैं। अगर विराट कोहली एक और शतक बाकी के दो मैचों में जड़ देते हैं तो वह एक और महारिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। जिस तरह की फॉर्म में अभी तक कोहली दिखे हैं, उसे देखते हुए उनके लिए एक और शतक जड़ना कोई बड़ी बात नहीं होगी। गुवाहटी में दूसरा वनडे मैच 30 सितंबर को खेला जाना है, जबकि आखिरी वनडे मैच 3 अक्टूबर को आयोजित होगा।
विराट कोहली ने अपने शतक के दौरान सबसे कम मैचों में 15000 रन वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में बनाने का रिकॉर्ड तोड़ा था, जो अभी तक क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था। विराट भारतीय धरती पर ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी पहले वनडे मैच के दौरान बड़े थे। कोहली के रनों की संख्या भारतीय सरजमीं पर वनडे क्रिकेट में 7006 हो गई। वहीं, तेंदुलकर ने 6976 रन ODI क्रिकेट में भारत में बनाए थे।
विराट तोड़ सकते हैं एक साथ कई रिकॉर्ड
इतना ही नहीं, एक और शतक लगाकर विराट कोहली लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे। साथ ही साथ घर पर सबसे ज्यादा सेंचुरी जड़ने वाले भी वे दुनिया के पहले क्रिकेटर होंगे। दोनों ही केस में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड टूटेगा। अब देखना यह है कि क्या यह बाकी के दो मैचों में होगा या फिर इसके लिए इंतजार करना पड़ेगा। विराट कोहली के आगे शतकों का शतक बनाने की चुनौती है। विराट अब तक 86 शतक इंटरनेशनल क्रिकेट में जड़ चुके हैं। वे सचिन के 100 शतकों से 14 शतक दूर हैं। इसके लिए उन्हें इंतजार करना है।



