
विराट कोहली को बैठे-बिठाए मिला फायदा, बाबर आजम को पछाड़ा; टॉप-5 में तीन भारतीय शामिल
भारत के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली आईसीसी वनडे बैटिंग रैंकिंग में बाबर आजम से आगे निकल गए हैं। पाकिस्तान के बाबर आजम दक्षिण अफ्रीका सीरीज में फ्लॉप रहे थे। टॉप-5 में अब तीन भारतीय हैं।
विराट कोहली को बुधवार (12 नवंबर) को जारी ताजा आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में बैठे-बिठाए फायदा मिला है। उन्होंने पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को पछाड़कर फिर से टॉप-5 में एंट्री कर ली है। कोहली 725 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पिछला मैच खेला था। बाबर साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में फ्लॉप रहे थे, जिसे पाकिस्तान ने 2-1 से जीता। उन्होंने घरेलू सीरीज में महज 45 रन बनाए। बाबर ने मंगलवार को रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में 51 गेंदों में 29 रन जुटाए। पाकिस्तान ने करीबी मैच में 6 रन से जीत दर्ज की।

बाबर को फ्लॉप रहने की वजह से रैंकिंग में दो स्थान का नुकसान उठाना पड़ा और कोहली को लाभ मिला। टॉप-5 बल्लेबाजों की सूची में तीन भारतीय शामिल हैं। 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा नंबर-1 वनडे बल्लेबाज हैं। उनके 781 अंक हैं। कप्तान शुभमन गिल चौथे पायदान (745) पर हैं। अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान (764) दूसरे जबकि न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल (764) तीसरे नंबर पर काबिज हैं। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके कोहली और रोहित अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में एक्शन में दिखेंगे, जो 30 नवंबर से रांची में शुरू होगी।
वहीं, वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग की बात करें तो अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान टॉप पर हैं। उनके 710 अंक हैं। साउथ अफ्रीका के केशव महाराज (673) दूसरे और इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर (670) तीसरे पायदान पर हैं। टॉप-10 में स्पिनर कुलदीप यादव एकमात्र भारतीय हैं। वह 634 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर हैं। अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई नंबर-1 वनडे ऑलराउंडर हैं। उनके खाते में 334 रेटिंग अंक हैं। जिम्बाब्वे के सिकंदर (302) दूसरे और अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी (285) तीसरे नंबर पर हैं। टॉप-10 ऑलराउंडर में अक्षर पटेल (229) एकमात्र भारतीय हैं। वह आठवें नंबर पर हैं।




