'हमने एक-दूसरे को...', विराट कोहली ने नोवाक जोकोविच से की बात, क्या भारत में हो पाएगा ऐसा?
Virat Kohli on Novak Djokovic: विराट कोहली और दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच के संपर्क में हैं। भारत के सुपरस्टार कोहली ने खुद इस बारे में अपडेट दिया है।

भारत के सुपरस्टार क्रिकेटर विराट कोहली ने सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच से बात की है। जोकोविच ने हाल ही में कोहली की तारीफ की थी और उनसे भारत में मिलने की इच्छा जताई। हालांकि, 37 वर्षीय कोहली ने जोकोविच से भारत में मुलाकात करने के बारे में कोई जिक्र नहीं किया। उन्होंने यह जरूर बताया कि वह 39 वर्षीय सर्बियाई खिलाड़ी के संपर्क में हैं। जोकोविच इन दिनों इंग्लैंड में विंबलडन टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। कोहली 14 जुलाई से इंग्लैंड में एक्शन में होंगे, जहां भारत को तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके कोहली भारत की ओर से सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं।
'हमने एक-दूसरे को कुछ मैसेज भेजे'
कोहली ने बुधवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ''मैं कुछ समय से नोवाक के संपर्क में हूं। हमने एक-दूसरे को कुछ मैसेज भेजे हैं। वह संपर्क में रहने के लिए बहुत विनम्र और दयालु रहे। अब तक के सबसे महान लोगों की बातचीत में वह सबसे ऊपर हैं।'' नोवाक जोकोविच ने जियोस्टार से कहा था, ''मुझे विराट कोहली के साथ कुछ क्रिकेट और टेनिस खेलना अच्छा लगेगा। मैं जल्द ही इंडिया आने का प्लान बना रहा हूं और हम इस बारे में बात कर रहे हैं। मुझे पता है कि विराट एक ग्लोबल स्टार हैं, लेकिन खासकर इंडिया में, वह कमाल के हैं। मैं चाहूंगा कि वह मेरे होस्ट बनें और मुझे घुमाएं।''
'मैं कोहली की बहुत इज्जत करता हूं'
उन्होंने आगे कहा, ''मैं कोहली और इंडियन क्रिकेट की बहुत इज्जत करता हूं। सर्बिया में क्रिकेट इतना बड़ा नहीं है, जहां से मैं आता हूं, लेकिन मेरी टीम में कुछ लोग ब्रिटिश हैं और उन्हें क्रिकेट पसंद है। इसलिए मैं पिछले 10 से 15 सालों से इस गेम के बारे में सीख रहा हूं। मुझे अभी भी अपनी क्रिकेट स्किल्स पर काम करने की जरूरत है। शायद विराट मेरी टेक्निक और बैट स्विंग में मेरी मदद कर सकें, लेकिन सच में, मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं और उनकी तारीफ करता हूं। मुझे उनके होम कंट्री इंडिया में उनसे मिलने का मौका मिलना अच्छा लगेगा।''
जोकोविच की सेमीफाइनल में एंट्री
बता दें कि जोकोविच कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिम को रोमांचक पांच-सेट वाले क्वार्टर फाइनल में 7-6(10), 3-6, 6-3, 6-7(4), 7-6(4) से हराकर रिकॉर्ड 15वीं बार विंबलडन सेमीफाइनल में एंट्री कर चुके हैं। यह मैराथन मुकाबला पांच घंटे और 15 मिनट तक चला। यह विंबलडन के इतिहास में सबसे लंबा पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल है।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



