विराट कोहली ने लॉर्ड्स में खत्म किया 15 साल का सूखा, पहली बार सुपरस्टार क्रिकेटर ने किया ये कमाल
Virat Kohli Lords Fifty: विराट कोहली ने भारत बनाम इंग्लैंड तीसरे वनडे में अर्धशतकीय पारी खेली। भारत के दिग्गज बल्लेबाज कोहली ने लॉर्ड्स में पहली बार फिफ्टी जमाई।

भारत के सुपरस्टार क्रिकेटर विराट कोहली ने लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर 15 साल का सूखा समाप्त कर दिया है। उन्होंने यहां पहली बार पचास प्लस स्कोर बनाने का कमाल किया है। वह पिछली 9 पारियों में पिफ्टी नहीं जड़ पाए थे। 37 वर्षीय कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में 60 गेंदों में 74 रनों की पारी खेली। उनके बल्ले से चार चौके और तीन छक्के निकले। हालांकि, भारत को लॉर्ड्स वनडे में 27 रनों से हार का मुंह देखना पड़ा। इंग्लैंड के 387/3 के जवाब में भारत ने 360/7 का स्कोर बनाया। इंग्लैंड टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
कोहली 2011 में पहली बार लॉर्ड्स में खेले
कोहली ने 2008 में इंटरनेशनल डेब्यू किया। उन्होंने सितंबर 2011 में पहली बार लॉर्ड्स में वनडे मैच खेला था। उन्होंने तब इंग्लैंड के खिलाफ 16 रन बटोरे। उन्होंने 2018 में लॉर्ड्स वनडे में 45 रन और साल 2022 में 16 रन जोड़े। कोहली लॉर्ड्स में टेस्ट में छह पारियों में मैदान पर उतरे पर कभी 45 से अधिक का निजी स्कोर नहीं बना सके। उन्होंने अब 15 साल बाद जाकर किसी भी फॉर्मेट में यहां फिफ्टी जमाने का कारनामा किया है। कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं और भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं।
विराट कोहली ने की शतकीय साझेदारी
लॉर्ड्स वनडे की बात करें तो भारत ने विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की। कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए 147 रन जोड़े। गिल ने 84 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्कों की बदौलत 77 रन बटोरे। वह 25वें ओवर में आउट हुए। रोहित ने 110 गेंदों में 138 रन जुटाए। उन्होंने 17 चौके और पांच सिक्स मारे। रोहित और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की पार्टनरशिप हुई। रोहित की पारी का अंत 39वें ओवर में हुआ। कोहली ने 42वें ओवर में छक्का लगाकर पचासा पूरा किया। यह उनका 79वां वनडे अर्धशतक है।
कोहली बने ऑलराउंडर सैम का शिकार
कोहली ने ईशान किशन (12 गेंदों में 14) के साथ तीसरे विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की। उन्हें 46वें ओवर में ऑलराउंडर सैम करन ने हैरी ब्रूक को कैच करवाया। उपकप्तान श्रेयस अय्यर का खाता नहीं खुला। केएल राहुल (8 गेंदों में 12) और अक्षर पटेल (3 गेंदों में 2) सस्ते में लौटे। गुरनूर बराड़ 18 और अर्शदीप सिंह 15 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से सैम ने सर्वाधिक विकेट चटकाए। ऑलराउंडर ने 75 रन देकर चार विकेट लिए और भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और जैकब बेथेल ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



