
37 की उम्र में वही भूख, वही आग, वही जज्बा; पिछली 6 पारियों में दिखा विराट कोहली का किंग अवतार
विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया सीरीज के उन दो मैचों में 0 पर आउट होने के बाद अब तक 6 मैच खेले हैं, जिनमें से प्रत्येक मैच में 50 से अधिक का स्कोर किया है। पिछले 6 मैचों में विराट कोहली ने 3 शतक और 3 अर्धशक लगाए हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इन दिनों घरेलू क्रिकेट विजय हजारे ट्रॉफी में शिरकत कर रहे हैं। विराट कोहली ने इस टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में शानदार 131 रन बनाए थे और शतक से आगाज किया था। दिल्ली और गुजरात के बीच शुक्रवार 26 दिसंबर को खेले गए अपने दूसरे मुकाबले में भी विराट कोहली ने प्रभावशाली बल्लेबाज की। हालांकि, वे इस मैच में शतक से चूक गए। आउट होने से पहले विराट कोहली ने इस मैच में 13 चौकों और 1 छक्के की मदद से 126 की स्ट्राइक रेट से 61 गेंदों में 77 रनों की पारी खेली।
विराट कोहली मौजूदा समय में 37 साल के हैं। उनकी फिटनेस भी कमाल की है। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद और ऑस्ट्रेलिया के साथ खेली गई वनडे सीरीज में बैक टू बैक डक की वजह से उनके 2027 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर लगातार सवालिया निशान खड़े किए जा रहे थे। टेस्ट से संन्यास लेने के 6 महीने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करते हुए जब विराट कोहली के बल्ले से लगातार दो मैचों में रन नहीं निकले और वे 2 बार डक पर आउट हुए तो लोगों को लगा कि किंग कोहली का समय जा चुका है।
हालांकि, विराट कोहली ने अपने शानदार प्रदर्शन से उन सभी लोगों की जुबान पर ताला लगा दिया है जो उनके दो मैचों में खराब प्रदर्शन के कारण सवाल खड़े कर रहे थे। विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया सीरीज के उन दो मैचों में 0 पर आउट होने के बाद अब तक 6 मैच खेले हैं, जिनमें से प्रत्येक मैच में 50 से अधिक का स्कोर किया है। पिछले 6 मैचों में विराट कोहली ने 3 शतक और 3 अर्धशक लगाए हैं।
विराट कोहली ने 25 अक्टूबर 2025 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए तीसरे वनडे मैच में 74 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलकर रिदम पकड़ी थी। तब से अब तक उन्होंने उस रिदम को बरकरार रखा है और निरंतर रन बना रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के साथ समाप्त हुई तीन मैचों की सीरीज के बाद उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों में हिस्सा लिया जिसमें मैन ऑफ द सीरीज रहे। विराट ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में रांची में 135 रन बनाए, वहीं दूसरे मैच में रायपुर में उन्होंने 102 रनों की पारी खेली। विशाखापट्टनम में खेले गए तीसरे और आखिरी मुकाबले में उन्होंने ताबड़तोड़ नाबाद 65 रन बनाए । इसके बाद विराट कोहली ने निरंतरता बनाए रखने के लिए आगामी न्यूजीलैंड सीरीज से पहले विजय हजारे ट्रॉफी में शामिल होने का फैसला किया। अब तक उन्होंने इस टूर्नामेंट के दो मैच खेले हैं, जिसमें पहले मैच में आंध्र प्रदेश के खिलाफ 131 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मैच में 77 रनों की पारी खेली। विराट कोहली ने अपनी पिछली 6 पारियों में धमाकेदार 584 रन बनाए हैं।
पिछले 6 मैचों में विराट कोहली का प्रदर्शन
दिल्ली बनाम गुजरात 77 रन
दिल्ली बनाम आंध्र प्रदेश 131
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका 65*
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका 102
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका 135
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया 74*






