
BCCI के बाद विराट कोहली ने तोड़ी टेस्ट रिटायरमेंट वापस लेने की अटकलों पर चुप्पी, बोले- मैं सिर्फ...
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में ऐतिहासिक शतक जड़ने वाले विराट कोहली ने अपना टेस्ट रिटायरमेंट वापस लेने पर चुप्पी तोड़ी है। हाल ही में इस पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी बयान दिया था।
बीसीसीआई के बाद विराट कोहली ने खुद टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट वापस लेने को लेकर चल रही अटकलों पर चुप्पी तोड़ी है। खबरें हैं कि साउथ अफ्रीका से टेस्ट सीरीज में 0-2 से बुरी तरह हारने के बाद बीसीसीआई कोहली से उनके टेस्ट रिटायरमेंट के फैसले को बदलने के लिए बात करने की योजना बना रहा था। टेस्ट क्रिकेट में भारत की घर पर गिरती परफॉर्मेंस के बाद इन अटकलों को ज्यादा तूल मिला है। एक समय था जब भारत को भारत में एक टेस्ट मैच हराने के लिए टीमें तरसती थी, लेकिन पिछले 12 महीनों में 2 बार टीम इंडिया का सूपड़ा साफ हो चुका है।
देवजीत सैकिया ने हाल ही में आजतक से कहा था, "विराट कोहली के बारे में जो कहा जा रहा है, वह सिर्फ अफवाह है। इस बारे में कोहली से कोई बातचीत नहीं हुई है। अफवाहों को तूल न दें। ऐसा कुछ नहीं हुआ है।"
विराट कोहली साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में एक्शन में नजर आए। उन्होंने सीरीज के पहले ही मैच में अपने वनडे करियर का ऐतिहासिक शतक जड़ा। रांची वनडे में उन्होंने 135 रनों की पारी खेली जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड को लेने पहुंचे विराट कोहली से जब पूछा गया कि वह आगे भी क्या सिर्फ एक ही फॉर्मेट में खेलते नजर आएंगे? तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, “हां, हमेशा ऐसा ही होगा। मैं तो बस गेम का एक ही रूप खेल रहा हूं।”
तो अब विराट कोहली ने भी साफ कर दिया है कि वह सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेलते नजर आएंगे। अब देखने वाली बात यह होगी कि टीम मैनेजमेंट वर्ल्ड कप 2027 की प्लानिंग को लेकर क्या बात करता है। बीच में ऐसी खबरें आई थी कि भारतीय टीम मैनेजमेंट रोहित शर्मा और विराट कोहली को अगले वर्ल्ड कप की स्कीम में नहीं देख रहा है।
कोहली ने इस साल इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट से रिटायरमेंट का ऐलान कर सबको चौंका दिया था, जिससे उनके 123 टेस्ट मैचों के करियर का अंत हो गया। वह 10,000 रन का आंकड़ा पार करने से बस कुछ रन पीछे रह गए, और 29 शतक बनाने के बाद उन्होंने इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया।






