विराट कोहली ने लिया रोहित शर्मा के अपमान का बदला, WI गेंदबाज को ये हरकत करना पड़ा भारी- VIDEO
रोहित शर्मा को आउट करने के बाद वेस्टइंडीज के गेंदबाज ने उन्हें चिढ़ाने की कोशिश की, यह चीज विराट कोहली ने नोटिस की और उन्होंने अपने ही अंदाज में बदला लिया। गुवाहटी वनडे के दौरान यह घटना घटी।

इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज 3 मैच की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहटी में खेला गया था। इस हाईस्कोरिंग मैच में टीम इंडिया ने कप्तान शुभमन गिल की डबल सेंचुरी और रोहित शर्मा के शतक के दम पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। गिल ने तो पिछले मैच में भी शतक जड़ा था, मगर हिटमैन का शतक भारतीय फैंस के लिए खास था। 2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए रोहित शर्मा की फॉर्म भारतीय टीम के लिए काफी अहम है। रोहित शर्मा भी इस बात को जानते हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ तभी उन्होंने अपने शतक का सेलिब्रेशन निराले अंदाज में किया। वह बच्चों की तरह मैदान पर दौड़ते नजर आए। उनका इंटेंशन किसी वेस्टइंडीज के खिलाड़ी को चिढ़ाना नहीं था, मगर हिटमैन को आउट करने के बाद विपक्षी टीम के गेंदबाज जेडन सील्स ने उनसे पंगा जरूर ले लिया।
जेडन सील्स को ये हरकत करना पड़ा महंगा
26वें ओवर की पहली गेंद पर रोहित शर्मा ने एक रन लेकर अपना 35वां शतक पूरा किया। इस एक रन को लेते हुए रोहित शर्मा बच्चों की तरह मैदान पर फुदकते नजर आए। उन्होंने अलग ही अंदाज में अपने इस शतक का सेलिब्रेशन किया, पहले कभी हिटमैन को ऐसा करता किसी ने नहीं देखा।
हालांकि वह अपने इस शतक को डैडी हंड्रेड में तबदील नहीं कर पाए और 27वें ओवर की दूसरी गेंद पर ही 101 के निजी स्कोर पर LBW आउट हो गए। जेडन सील्स ने उन्हें आउट करने के बाद सेलिब्रेशन उसी अंदाज में किया, जो कुछ देर पहले रोहित शर्मा ने अपने शतक के लिए किया था। वह एक तरह से हिटमैन को चिढ़ा रहे थे।
डगआउट में बैठे विराट कोहली ने इस चीज को नोटिस कर लिया और जैसे ही जेडन सील्स अगले ओवर में आए तो कोहली ने उनकी बखियां उधेड़ दी।
विराट कोहली ने लिया रोहित शर्मा के अपमान का बदला
रोहित अगर कम स्कोर पर आउट हुए होते और तब वेस्टइंडीज के गेंदबाज ऐसा सेलिब्रेशन करते तो समझ आता कि उन्होंने बड़ी मछली कम स्कोर में फांस ली है, मगर उनके शतक के बाद ऐसे चिढ़ाना विराट कोहली को पसंद नहीं आया।
कोहली ने सील्स के उस ओवर में तो कुछ नहीं किया, मगर जैसे ही वह 29वां ओवर लेकर आए तो उन्हें रिमांड पर ले लिया।
पहले कप्तान शुभमन गिल ने सील्स का स्वागत छक्के और चौके के साथ किया। गिल ने तीसरी गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक कोहली को दे दी।
विराट उस समय 5 गेंदों पर 2 रन बनाकर खेल रहे थे। कोहली ने सील्स की चौथी गेंद पर जोरदार छक्का लगाया, इसके बाद अगली दो गेंदों पर दो और बाउंड्री लगाई। सील्स के उस ओवर से भारतीय बल्लेबाजों ने 25 रन बटौरे। इस दौरान विराट कोहली वेस्टइंडीज के गेंदबाज को घूरते नजर आए, जैसे वो उन्हें आंखों ही आंखों में बताना चाह रहे हो कि उन्होंने रोहित शर्मा के साथ जो किया, वो ठीक नहीं था।
सील्स को इससे सबक मिला होगा कि भारतीय खिलाड़ियों को चिढ़ाना कितना भारी पड़ सकता है। आप भी देखें वीडियो-
भारत की ऐतिहासिक रनचेज
वेस्टइंडीज ने दूसरा वनडे जीतने के लिए भारत के सामने 406 रनों का टारगेट रखा था। भारत ने इससे पहले वनडे क्रिकेट के इतिहास में कभी इतना बड़ा टारगेट चेज नहीं किया था, मगर गिल और रोहित के दम पर टीम इंडिया ने इतिहास रचा और वनडे क्रिकेट में 400 से अधिक रन का टारगेट चेज करने वाली दुनिया की दूसरी टीम बनी। भारत ने 44वें ओवर में 8 विकेट रहते जीत दर्ज की और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनााई। टीम इंडिया की नजरें तीसरा मैच जीतकर मेहमानों का सूपड़ा साफ करने पर होगी।



