विराट कोहली ने गुस्से में फेंका हेलमेट-ग्लव्स, क्या आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार करने वाले थे रिटायर्ड आउट?
विराट कोहली जब मैदान पर अपनी उम्मीदों के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर रहे होते हैं तो उनका गुस्सा साफ देखने को मिलता है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के दौरान भी कुछ ऐसा हुआ। आउट होने के बाद कोहली ने गुस्से में हेलमेट-ग्लव्स फेंके।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार प्लेयर विराट कोहली ने आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अहम मुकाबले में अर्धशतक जड़ा। हालांकि वह अपनी इस पारी से खुश नहीं थे। कोहली जब भी अपने प्रदर्शन से खुश नहीं होते तो उनका गुस्सा मैदान पर साफ देखने को मिलता है। MI के खिलाफ मैच में भी ऐसा ही हुआ। जब विराट कोहली आउट होकर लौट रहे थे तो उन्होंने बाउंड्री के पास अपने ग्लव्स और हेलमेट को गुस्से में फेंका। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
विराट कोहली ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 38 गेंदों पर 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 50 रनों की पारी खेली। ऐसा नहीं था कि कोहली बड़े शॉट्स खेलने की कोशिश नहीं कर रहे थे, मगर जिस तरह से गेंद उनके बल्ले से लग रही थी, उसे देखने के बाद साफ लग रहा था कि यह उनका दिन नहीं है।
विराट कोहली 15वें ओवर में हार्दिक पांड्या के हाथों आउट हुए। सूर्यकुमार यादव ने उनका कैच पकड़ा। इसके बाद टिम डेविड मैदान पर आए और उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में 16 गेंदों पर 34 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 212.5 का रहा।
क्या रजत पाटीदार ने विराट कोहली को दिए रिटायर्ड आउट के संकेत?
एक तरफ फिल सॉल्ट जो 36 गेंदों पर 216.67 के स्ट्राइक रेट के साथ 78 रन बनाकर गए, वहीं दूसरी ओर रजत पाटीदार 250 से अधिक के स्ट्राइक रेट के साथ खेल रहे थे। इस दौरान विराट कोहली की पारी काफी फीकी नजर आ रही थी। कोहली को भी इस बात का पता था, इस वजह से उन्होंने फिफ्टी पूरी करने के बाद इसका जश्न नहीं मनाया।
इससे पहले, जब फिल सॉल्ट आउट हुए और RCB के कप्तान पाटीदार बैटिंग करने उतरे, तो टिम डेविड भी बाउंड्री के पास खड़े नजर आए। तभी ब्रॉडकास्टर और न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज साइमन डूल ने सोचा कि मैदान के बीच में क्या चल रहा होगा।
डूल ने कहा कि विराट के लिए मैसेज साफ था—टिम डेविड बाउंड्री के पास खड़े थे और निर्देश था: "अब तेजी दिखाओ।"
डूल ने कमेंट्री के दौरान कहा, "टिम डेविड वहां खड़े हैं। सोच रहा हूं कि क्या रजत पाटीदार विराट के लिए कोई छोटा सा मैसेज लेकर आए हैं: 'अब तेजी दिखाओ, वरना हमें तुम्हें सब्स्टीट्यूट करना पड़ सकता है।'"
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


