रोहित शर्मा- विराट कोहली की फिटनेस पर कब तक आएगी अपडेट? सहायक कोच रयान टेन डेशकाटे ने दिया हिंट
सहायक कोच रयान टेन डेशकाटे ने कहा है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर आधिकारिक अपडेट आगामी सीरीज से पहले आएगी।

भारतीय टीम के सहायक कोच रयान टेन डेशकाटे ने कहा है कि अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा की उपलब्धता पर आगामी कुछ दिनों में उनकी फिटनेस को देखते हुए अंतिम फैसला लिया जायेगा। आईपीएल 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के बाद रोहित का खेलना अभी भी अनिश्चित बना हुआ है, जबकि कोहली भी 1 जून को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल फाइनल जीतने वाले मैच में नाबाद 75 रन बनाते समय हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आने के बाद संशय के घेरे में हैं। भारतीय टीम प्रबंधन हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर भी करीब से नजर रखे हुए है। इस ऑलराउंडर ने आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए पीठ की ऐंठन के कारण कुछ मैच नहीं खेले थे, और वनडे सीरीज के लिए उनकी तैयारी की पुष्टि अभी बाकी है।
कोहली-रोहित पर मेडिकल टीम लेगी फैसला
शनिवार से न्यू चंडीगढ़ में शुरू हो रहे अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के एकमात्र टेस्ट मैच से पहले मीडिया से बातचीत में टेन डेशकाटे ने कहा कि कोई भी घोषणा करने से पहले चिकित्सा दल ही अंतिम फैसला लेगा। उन्होंने कहा, "इस बारे में आधिकारिक जानकारी दी जाएगी। जाहिर है, जब विराट या रोहित जैसे खिलाड़ी (टीम से बाहर होते हैं) तो यह बड़ी खबर होती है, लेकिन प्रोटोकॉल वही रहेंगे। हम इन खिलाड़ियों की फिटनेस का आकलन करेंगे, और हमारे पास अब यह तय करने के लिए कुछ दिन हैं कि क्या वे खेलने और टीम का हिस्सा बनने के लिए पूरी तरह फिट हैं, और उसी के अनुसार बदलाव किए जाएंगे। लेकिन मुझे यकीन है कि जैसे ही मेडिकल टीम इस पर कोई फैसला लेगी, आधिकारिक जानकारी जरूर दी जाएगी।
चोटें तो लगती ही रहती हैं
सहायक कोच ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल के बीच खिलाड़ियों के काम के बोझ में संतुलन बनाने की चुनौती के बारे में भी बात की, खासकर तब जब केंद्रीय अनुबंध वाले खिलाड़ी टूर्नामेंट के अंतिम चरणों में चोटों के साथ खेल रहे होते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह हर खिलाड़ी के लिए अलग-अलग होता है। भारतीय टीम के नजरिए से देखें तो, हम चाहते हैं कि जब खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय ड्यूटी पर हों, तो वे अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हों, और यह हर मामले को अलग-अलग तरीके से संभालने का विषय है। इसलिए मैं इस बात को समझता हूं कि इन खिलाड़ियों के लिए यह साल का बहुत ही महत्वपूर्ण समय होता है। आईपीएल एक शानदार घरेलू टूर्नामेंट है, इसलिए यह इन दोनों चीजों के बीच संतुलन बनाता है। मुझे लगता है कि पिछले आईपीएल में खिलाड़ियों पर जितना काम का बोझ था, या कम से कम अनुबंधित खिलाड़ियों के एक बड़े हिस्से पर उसे देखते हुए, हमने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है, और चोटें तो लगती ही रहती हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि खिलाड़ियों को सुरक्षित रखने का मतलब यह नहीं है कि उन्हें क्रिकेट से दूर रखा जाए, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि जब अंतरराष्ट्रीय मैचों की ज़रूरत हो, तो वे अपनी सर्वश्रेष्ठ फिटनेस पर हों। उन्होंने कहा, "आप खिलाड़ियों को मैच न खिलाकर सुरक्षित नहीं रख सकते, लेकिन हमें अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल के अहम हिस्सों की पहचान ज़रूर करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हमारे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी न केवल चोट-मुक्त हों, बल्कि जब हमें उनकी सबसे ज्यादा जरुरत हो, तो वे शारीरिक रूप से भी अपनी सर्वश्रेष्ठ स्थिति में हों।"
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



