
विजय हजारे ट्रॉफी खेलेंगे विराट कोहली और ऋषभ पंत, DDCA ने किया संभावित टीम का ऐलान
विजय हजारे ट्रॉफी के लिए दिल्ली की संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट में विराट कोहली और ऋषभ पंत का नाम शामिल है। ऐसे में संभावना अब पूरी हो गई है कि विराट और पंत दोनों विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में खेल सकते हैं।
दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन यानी डीडीसीए ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के लिए संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है। खास बात ये है कि इस लिस्ट में भारतीय टीम के दो धुरंधरों का नाम शामिल है। इनमें एक हैं रन मशीन विराट कोहली और दूसरे हैं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत। इस लिस्ट में वे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो इस समय सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं। विराट कोहली ने पहले ही डीडीसीए को जानकारी दे दी थी कि वे विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए तैयार हैं, जो भारत का एक लिस्ट ए टूर्नामेंट है।
बीसीसीआई ने पिछले महीने फिर से फरमान जारी किया था कि सभी खिलाड़ियों को डोमेस्टिक क्रिकेट खेलनी होगी, जो इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं। चूंकि, विराट और रोहित ने टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट लिया हुआ है तो वे विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आएंगे। विजय हजारे ट्रॉफी के कई मैचों में विराट और रोहित नजर आने वाले हैं, क्योंकि भारत की अगली वनडे सीरीज जनवरी 2026 में खेली जाएगी। हालांकि, कुछ ही मैच विराट और पंत खेलेंगे।
बात अगर विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के अभियान की करें तो दिल्ली की टीम अपनी शुरुआत 24 दिसंबर को अलूर में करने वाली है। आंध्रा के खिलाफ ये मैच खेला जाएगा। दिल्ली की टीम अपने होम ग्राउंड पर मुकाबले नहीं खेलने वाली है, क्योंकि यहां का एयर क्वालिटी एंडेक्स अच्छा नहीं है। यही कारण है कि दिल्ली अपने सभी होम मैचों की मेजबानी बेंगलुरु के अलग-अलग मैदानों पर करेगी।
दिल्ली की संभावित टीम में शामिल कुछ अन्य खिलाड़ी
देव लाकरा, दिविज मेहरा, युगल सैनी, सुजल सिंह, रजनीश दादर, अमन भारती, गोविंद मित्तल, सुमित बेनीवाल, शुभम दुबे, केशव दाबास, राहुल चौधरी, समर्थ सेठ, शिवम त्रिपाठी, अनमोल शर्मा, शिवम गुप्ता, लक्ष्य थरेजा, मनन भारद्वाज, रौनक वघेला, मयंक गुसाईं, केशव आर सिंह, लक्ष्मण, दिव्यांश रावत, प्रणव राजवंशी और प्रांशु विजयरन
डीडीसीए ने जानकारी दी है कि विराट कोहली और ऋषभ पंत भी विजय हजारे की टीम को ज्वॉइन करेंगे। इसके अलावा संघ ने ये भी सूचना दी है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे खिलाड़ियों के अलावा नए खिलाड़ी भी संभावित सूची में शामिल हैं। बाद में इस लिस्ट में छोटा किया जाएगा, क्योंकि इतने ज्यादा खिलाड़ी स्क्वॉड में शामिल नहीं होंगे।






