विराट कोहली ने भी तो पिछले वर्ल्ड कप में रन नहीं बनाए थे, अभिषेक शर्मा के बचाव में आए आकाश चोपड़ा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंट्रेटर आकाश चोपड़ा ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से पहले युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का खुलकर बचाव किया है। उन्होंने उनके वर्तमान फॉर्म की तुलना पिछले विश्व कप में विराट कोहली के फॉर्म से की है।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंट्रेटर आकाश चोपड़ा ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से पहले युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का खुलकर बचाव किया है। अपने यूट्यूब चैनल पर हालिया 'आकाशवाणी' प्रोग्राम के दौरान उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारतीय टीम को अपने बल्लेबाजी क्रम के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए और अभिषेक शर्मा को ही संजू सैमसन के साथ ओपनिंग करने देनी चाहिए।
आकाश चोपड़ा ने आलोचकों को याद दिलाया कि विराट कोहली ने भी पिछले टी20 वर्ल्ड कप (2024) के लीग चरण में रन नहीं बनाए थे, लेकिन अंत में फाइनल मैच में उन्होंने शानदार पारी खेलकर अपनी उपयोगिता साबित की थी। उन्होंने कहा, "विराट कोहली ने भी तो पिछले एडिशन में रंस नहीं बनाए थे लीग फेज में पर फाइनल में जाके रन बनाए थे।"
हालांकि उन्होंने यह साफ किया कि अभिषेक अभी विराट कोहली के स्तर के करीब नहीं हैं, लेकिन उन्होंने 'मैच विजेता' खिलाड़ियों के साथ बने रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा अभी विराट कोहली नहीं हैं और शायद वहां तक कभी न पहुंच पाएं, लेकिन फिर भी टीम को उनके साथ बने रहना चाहिए। चोपड़ा ने याद दिलाया कि इसी मैदान (वानखेड़े) पर इंग्लैंड के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने पहले भी शानदार रन बनाए थे और उनके करियर में यहीं से सुधार आया था।
आकाश चोपड़ा का मानना है कि वर्तमान बैटिंग ऑर्डर काफी मुश्किल से सेट हुआ है, इसलिए 'करो या मरो' के मुकाबले में इसमें बदलाव करना जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने सलाह दी कि "मत करो यार मत करो अभिषेक शर्मा को ही ओपन करने दो... लगे रहो इनके साथ यार डोंट चेंज।"
इसके अलावा, आकाश चोपड़ा ने गेंदबाजी में भी किसी बड़े बदलाव का समर्थन नहीं किया है। उन्होंने सुझाव दिया कि वरुण चक्रवर्ती को भी टीम में बनाए रखना चाहिए, क्योंकि इंग्लैंड के बल्लेबाज उनकी फिरकी को समझने में संघर्ष करते रहे हैं। उनका स्पष्ट मानना है कि जो टीम पिछले मैच में खेली थी, उसी के साथ सेमीफाइनल में उतरना सबसे सही निर्णय होगा।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तानी टीम पर फाइन लगाए जाने की खबर पर भी चर्चा की और इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने अपने वीडियो में साहिबजादा फरहान और नसीम शाह जैसे खिलाड़ियों का नाम लेते हुए पाकिस्तान के निर्णय लेने वाले लोगों पर सवाल खड़े किए। चोपड़ा ने कहा कि जो खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करके गए हैं या जिन्होंने सिर्फ एक ही मुकाबला खेला है, उनकी आखिर क्या गलती है इसमें। चोपड़ा ने भारतीय टीम के तमाम खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी अपनी राय रखी। हालांकि, उनका सीधे तौर पर मानना है कि टीम इंडिया को अब बड़े मैच के लिए कोई बदलाव नहीं करना चाहिए।




