VIDEO: वैभव सूर्यवंशी को IPL के बाद पहला छक्का लगाने में लग गई 41 गेंदें, तीन मैचों में जड़ा सिर्फ एक SIX
वैभव सूर्यवंशी इस समय इंडिया ए के साथ श्रीलंका दौरे पर हैं। यहां जारी ट्राई नेशन ए सीरीज में उनका बल्ला अभी तक उस ढंग में नहीं बोला है जिसके लिए वह जाने जाते हैं, वहीं अभी तक खेले तीन मैचों में वैभव एक ही सिक्स लगा पाए हैं।

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग से खूब नाम कमाया। उनके छक्के जड़ने की काबिलियत ने हर किसी का दिल जीता। आईपीएल में तो उन्होंने क्रिस गेल का एक सीजन में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ नया इतिहास भी लिखा। आईपीएल 2026 में उन्होंने कुल 72 छक्के लगाए थे। उनकी इस धुआंधार परफॉर्मेंस उन्हें सीनियर टीम का टिकट दिलाया। वैभव सूर्यवंशी का चयन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए हुआ है। मगर इससे पहले वह इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर हैं, जहां वह ट्राई नेशन ए सीरीज में हिस्सा ले रहे हैं। फैंस को उम्मीद थी कि वह अपनी आईपीएल फॉर्म को यहां भी जारी रखेंगे, मगर वैभव सूर्यवंशी के साथ उलटा होता दिखाई दे रहा है।
वैभव सूर्यवंशी को छक्का लगाने के लिए लगी 41 गेंदें
आईपीएल के बाद वैभव सूर्यवंशी को छक्का लगाने में 41 गेंदें लग गई क्या आप इस बात पर विश्वास कर पाएंगे? शायद नहीं, मगर ऐसा हुआ है। श्रीलंका में जारी ट्राई नेशन ए सीरीज के पहले तीन मैच में वैभव सूर्यवंशी सिर्फ एक ही सिक्स लगा पाए हैं। उन्हें तीनों मैचों में ही अच्छी शुरुआत मिली, मगर वह इसे बड़ी पारी में तबदील नहीं कर पाए।
श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 12 गेंदों पर 14 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल थे।
अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग करते हुए 22 गेंदों पर 200 के स्ट्राइक रेट से 44 रन बनाए। इस दौरान भी उनके बल्ले से एक भी छक्का नहीं निकला। वैभव ने अपनी इस पारी में 9 चौके लगाए थे।
अब श्रीलंका के खिलाफ तीसरे मुकाबले में जाकर उनके बल्ले से पहला छक्का 7वीं गेंद पर निकला। यह सिक्स उन्होंने गेंदबाज के सिर के ऊपर से सामने की तरफ लगाया। वैभव सूर्यवंशी तीसरे वनडे में भी कमाल नहीं दिखा पाए। वह 14 गेंदों पर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए।
वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल 2026 के बाद परफॉर्मेंस
वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक आईपीएल के बाद इस ट्राई सीरीज में तीन वनडे मैच खेले हैं, इस दौरान वह 80 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए हैं। 14, 44 और 21 रनों के साथ उन्होंने इस सीरीज के तीन मैचों में अभी तक 79 ही रन बनाए हैं, जिसमें 15 चौके और 1 छक्का लगाया है। भारत को इस सीरीज के फाइनल में पहुंचना है तो वैभव सूर्यवंशी से आईपीएल जैसा प्रदर्शन ही चाहिए होगा।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


