सूर्यकुमार यादव पर दिग्गजों की बंटी राय, सबा करीम कप्तानी हटाने के पक्ष में मगर MSK ने किया आगाह

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

सूर्यकुमार यादव को भारत की टी20 कप्तानी से हटाया जा रहा है। इसका औपचारिक ऐलान शनिवार को हो सकता है। इस बीच भारत के दो पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों की इस पर राय बंटी हुई है। सबा करीम जहां सूर्या को हटाए जाने का समर्थन कर रहे हैं, वहीं एमएसके प्रसाद ने इसे लेकर बीसीसीआई को चेताया है।

सूर्यकुमार यादव पर दिग्गजों की बंटी राय, सबा करीम कप्तानी हटाने के पक्ष में मगर MSK ने किया आगाह

अपनी अगुआई में भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले सूर्यकुमार यादव की कप्तानी से छुट्टी होने जा रही है। उनकी जगह श्रेयस अय्यर को कमान मिलने वाली है। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर की अगुआई वाली बीसीसीआई की चयन समिति शनिवार को आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान करते वक्त सूर्या को टी20 कप्तानी से हटाने की आधिकारिक पुष्टि करने वाले हैं। एक विश्व कप विजेता कप्तान को खिताब जीतने के बाद अगली ही सीरीज में कप्तानी से हटाने के फैसले पर दिग्गजों की राय बंटी है। भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज और चयनकर्ता रहे सबा करीब ने इस फैसले का समर्थन किया है लेकिन एक अन्य पूर्व विकेटकीपर एमएसके प्रसाद ने इसे लेकर आगाह किया है।

शनिवार को मुंबई में बीसीसीआई की चयन समिति की बैठक है जिसमें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान होगा। भारत को इस महीने के आखिर में 26 जून और 28 जून को आयरलैंड से 2 टी20 मैच खेलने हैं। उसके ठीक बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी जहां 1जुलाई से 11 जुलाई तक 5 टी20 मैच खेलेगी।

सबा करीम ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि चयनकर्ताओं को तो आगे देखना है। उन्होंने कहा कि चयनकर्ताओं को अब सूर्यकुमार यादव से आगे देखना होगा। सबा करीम ने कहा, ‘मौजूदा फॉर्म में तो सूर्यकुमार यादव टीम को आगे बढ़ाने के सिलेक्शन कमिटी के विजन में फिट नहीं हो सकते। हमने पहले भी ऐसा देखा है जब सिलेक्शन कमिटी रोहित शर्मा और विराट कोहली से आगे बढ़ी और एक नई टीम चुनी। इसलिए 2028 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के मद्देनजर अब भी वैसा होता दिख सकता है। वर्ल्ड कप में भी सूर्यकुमार का फॉर्म बहुत अच्छा नहीं था और आईपीएल में भी वैसा ही चलता रहा। मुझे लगता है कि अब चयनकर्ताओं को आगे देखना होगा।’

दूसरी तरफ भारत के एक और पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एमएसके प्रसाद ने सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाए जाने को लेकर BCCI को आगाह किया है। एनडीटीवी की एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा कि अगर भारत अपनी फर्स्ट टीम यानी मजबूत टीम भेज रहा है तब तो सूर्यकुमार यादव को नजरअंदाज करना सही नहीं है।

एमएसके प्रसाद ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा, ‘देखिए, क्या आप अपनी फर्स्ट टीम भेज रहे हैं या सेकंड लेवल की टीम भेज रहे हैं? सबसे बड़ी बात यही है। अगर आप अपनी फर्स्ट टीम को भेज रहे हैं तो मुझे लगता है कि सूर्या को नजरअंदाज करना ठीक नहीं होगा क्योंकि उन्होंने अभी हमें एक और टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया है।’

प्रसाद ने सुझाव दिया कि टी20 वर्ल्ड कप और उसके बाद आईपीएल में लगातार खेलने वाले खिलाड़ियों को आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर आराम दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप में खेले थे और उसके बाद आईपीएल 2026 में भी खेले, वे लीग के इस सीजन में थके-थके से दिखे। वर्ल्ड कप खेलने वाले ऐसे खिलाड़ियों को आराम देकर आईपीएल में परफॉर्म करने वालों को मौका दिया जाना चाहिए।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।