वैभव सूर्यवंशी इस साल नहीं देंगे CBSE की दसवीं की परीक्षा, जानिए वजह

Feb 16, 2026 10:11 am ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

बिहार के समस्तीपुर से निकल कर क्रिकेट की दुनिया में छा जाने वाले युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी इस साल दसवीं की परीक्षा नहीं देंगे। वह सीबीएसई बोर्ड से पढ़ाई कर रहे हैं लेकिन फिलहाल वह क्रिकेट पर ही फोकस रखना चाहते हैं।

वैभव सूर्यवंशी इस साल नहीं देंगे CBSE की दसवीं की परीक्षा, जानिए वजह

बिहार के समस्तीपुर से निकल कर क्रिकेट की दुनिया में छा जाने वाले युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी इस साल दसवीं की परीक्षा नहीं देंगे। वह सीबीएसई बोर्ड से पढ़ाई कर रहे हैं लेकिन फिलहाल वह क्रिकेट पर ही फोकस रखना चाहते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी ने इस साल दसवीं की परीक्षा नहीं देने का फैसला किया है।

अगले महीने से आईपीएल का नया सीजन शुरू हो रहा है। इस 'वंडर किड' ने पिछले साल आईपीएल में डेब्यू किया था और इस लीग को खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी के साथ-साथ आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था।

वैभव सूर्यवंशी ताजपुर प्रखंड के मॉडेस्टी स्कूल के छात्र हैं। 17 फरवरी से शुरू होने वाली 10वीं बोर्ड की परीक्षा के लिए उनका एडमिट कार्ड जारी किया जा चुका है। विद्यालय प्रशासन ने पिछले हफ्ते 'हिंदुस्तान' से बातचीत में पुष्टि की कि वैभव की परीक्षा को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उनका परीक्षा केंद्र शहर के पोदार इंटरनेशनल स्कूल में था। वैभव जिस तरह कम उम्र में स्टार बन चुके हैं, उसे देखते हुए परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था भी एक चुनौती थी।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने बिहार क्रिकेट असोसिएशन के एक सूत्र के हवाले से अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि वैभव सूर्यवंशी इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होंगे। क्रिकेट के व्यस्त शेड्यूल की वजह से उन्हें एग्जाम की तैयारी के लिए बहुत कम समय मिल रहा था। रिपोर्ट में वैभव सूर्यवंशी के करीबियों के हवाले से कहा गया है कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में अपनी जगह मजबूत करने और मैच जिताऊ प्रदर्शन को जारी रखने पर है।

बिहार क्रिकेट असोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राकेश तिवारी ने टीओआई को बताया, ‘सूर्यवंशी जहां कहीं भी जाते हैं तो उनके आस-पास 2000-3000 लोग जुट जाते हैं। आज वह देश के सबसे चहेते क्रिकेटरों में से एक हैं। हम उनके लिए कुछ वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में सोच रहे हैं ताकि वह बाद में एग्जाम दे सके।’

सीबीएसई की दसवीं की परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च तक चलेगी।

ताजपुर के मॉडेस्टी स्कूल के डायरेक्टर आदर्श कुमार पिंटू ने भी पुष्टि की है कि सूर्यवंशी इस साल बोर्ड एग्जाम नहीं देंगे। उन्होंने कहा, ‘सूर्यवंशी के पिता से चर्चा के बाद ये सामने आया कि बिजी शेड्यूल की वजह से वह इस साल परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएगा। फिलहाल सूर्यवंशी का सारा फोकस क्रिकेट पर है और वह आने वाले टूर्नामेंट्स की तैयारी में व्यस्त है।’

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से धमाकेदार शतक जड़ने के बाद दुनियाभर में नई क्रिकेट सनसनी बनकर उभरे थे। उसके बाद से वह अंडर-19 क्रिकेट में लगातार धूम मचा रहे हैं। हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत की खिताबी जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला सुपर स्टार माना जा रहा है और कई क्रिकेट एक्सपर्ट उन्हें अब भारतीय टीम में भी जगह देने की मांग कर रहे हैं।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
;;;