Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Vaibhav Suryavanshi U19 Asia Cup 2025 will BCCI no handshake policy against Pakistan change
सूर्यवंशी अंडर-19 एशिया कप में मचाएंगे धमाल, क्या पाकिस्तान के खिलाफ बदलेगी BCCI की ये पॉलिसी?

सूर्यवंशी अंडर-19 एशिया कप में मचाएंगे धमाल, क्या पाकिस्तान के खिलाफ बदलेगी BCCI की ये पॉलिसी?

संक्षेप:

वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 एशिया कप में धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। शुक्रवार से दुबई में टूर्नामेंट का आगाज होने जा रहा है। क्या पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की नो-हैंडशेक पॉलिसी बदलेगी?

Dec 11, 2025 09:56 pm ISTMd.Akram दुबई, भाषा
share Share
Follow Us on

भारत के एशिया कप अंडर-19 अभियान की अगुवाई युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे करेंगे लेकिन सभी का ध्यान इस बात पर भी रहेगा कि क्या भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) इन युवा खिलाड़ियों को अपने पाकिस्तानी समकक्षों से हाथ मिलाने की इजाजत देगा या नहीं। मुंबई और चेन्नई सुपरकिंग्स के आक्रामक सलामी बल्लेबाज म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम शुक्रवार को यूएई के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी तो वहीं रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मैच निश्चित रूप से जूनियर महाद्वीपीय चैंपियनशिप में सबसे अधिक सुर्खियां बटोरेगा जिसे अगले साल की शुरुआत में होने वाले विश्व कप के लिए ड्रेस रिहर्सल के तौर पर देखा जा रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

भारतीय खिलाड़ियों ने भारतीय सेना और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाते सीनियर पुरुषों के एशिया कप, उसके बाद महिला वनडे विश्व कप और राइजिंग स्टार्स एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। हालांकि, जब अंडर-19 क्रिकेटर्स की बात आती है तो माना जाता है कि आईसीसी भी चाहता है कि राजनीति को इससे दूर रखा जाए और खेल भावना के सामान्य नियमों का पालन किया जाए। मामले की जानकारी रखने वाले बीसीसीआई के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘लड़कों को कुछ नहीं कहा गया है लेकिन जाहिर है कि बीसीसीआई ने अपने मैनेजर आनंद दातार को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। अब अगर भारतीय लड़के पाकिस्तान टीम से हाथ नहीं मिलाते हैं तो मैच रेफरी को पहले से सूचित करना होगा।’’

ये भी पढ़ें:भारत में 2025 में सबसे ज्यादा सर्च वालीं 10 हस्तियां, टॉप पर वैभव सूर्यवंशी

उन्होंने कहा, ‘‘हमें पता है कि आईसीसी जूनियर क्रिकेट के मामले में राजनीति को आगे नहीं आने देना चाहता इसलिए यह खराब छवि और जनता की भावना दोनों का मामला है।’’ जहां तक ​​टूर्नामेंट की बात है तो भारत और पाकिस्तान का ग्रुप ए से शीर्ष दो टीम के तौर पर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करना लगभग तय है क्योंकि ग्रुप की अन्य दो टीम मलेशिया और यूएई हैं जिन्हें 50 ओवर का क्रिकेट खेलने का ज्यादा अनुभव नहीं है। सूर्यवंशी और कप्तान म्हात्रे दोनों ही मौजूदा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार फॉर्म के बाद टूर्नामेंट में आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें:बॉल डाल ना, बॉल डाल..वैभव सूर्यवंशी ने पाकिस्तानी बोलर की निकाल दी हेकड़ी; VIDEO

म्हात्रे ने ग्रुप चरण में लगातार दो शतक और एक अर्धशतक लगाया तो वहीं सूर्यवंशी महाराष्ट्र के खिलाफ टूर्नामेंट के इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। भारत की 15 सदस्यीय टीम में शामिल इन दोनों ने तीनों प्रारूप में सीनियर स्तर पर 30 से अधिक मैच खेले हैं और कुल मिलाकर नौ शतक बनाए हैं। असल में सीनियर स्तर पर बाकी सात टीम के खिलाड़ियों ने मिलकर भी इतने शतक नहीं बनाए हैं और यह भारत को जूनियर महाद्वीपीय चैंपियनशिप में खिताब का प्रबल दावेदार बनाता है।

भारत अंडर-19 टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू, हरवंश सिंह, युवराज गोहिल, कनिष्क चौहान, खिलन ए पटेल, नमन पुष्पक, डी दीपेश, हेनिल पटेल, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन और आरोन जॉर्ज।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |