
छोटा पैकेट बड़ा धमाका, 14 साल के वैभव सूर्यवंशी SMAT में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने
बिहार के युवा बल्लेबा वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 14 साल और 250 दिन की उम्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह इस टूर्नामेंट में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए हैं।
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में महाराष्ट्र के खिलाफ तूफानी पारी खेलकर इतिहास रच दिया है। ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में बिहार के लिए ओपनिंग करते हुए वैभव ने सिर्फ 61 गेंदों पर नाबाद 108 रनों की दमदार पारी खेली। इसके पारी की बदौलत उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वैभव सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए हैं।
बिहार और महाराष्ट्र के बीच मुकाबले में वैभव ने अपनी विस्फोटक पारी में 7 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए। उन्होंने 177 से अधिक की स्ट्राइक रेट से रन बनाए और अपनी टीम को 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 176 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। वैभव सूर्यवंशी ने सबसे कम उम्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक लगाने के मामले में विजय जोल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2013 में 18 साल और 118 दिन की उम्र में शतक बनाया था। वैभव ने ये कारनामा सिर्फ 14 साल और 250 दिन में करके दिखाया है।
14 वर्षीय वैभव ने 16 पारियों में टी20 में तीन शतक लगाए हैं। उन्होंने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए रिकॉर्ड तोड़ शतक जड़ा था। वैभव ने आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए गुजरात टाइटन्स के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में तूफानी शतक जड़ा था। इसके बाद इंडिया ए के लिए और अब बिहार के लिए उन्होंने शतकीय पारी खेली है। 12 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करके उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ा था।
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले महीने एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ भारत ए के लिये सिर्फ 32 गेंदों में शतक जमाया था और वह टी20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने थे। सूर्यवंशी ने 42 गेंद में 144 रन बनाये जिसमें 15 छक्के और 11 चौके शामिल थे। उन्होंने भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की बराबरी की, जिन्होंने 2018 में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ दिल्ली के लिये 32 गेंद में सैकड़ा जड़ा था। किसी भारतीय बल्लेबाज के सबसे तेज टी20 शतक का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से अभिषेक शर्मा और गुजरात के उर्विल पटेल के नाम हैं। दोनों ने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी 2024-25 में 28 गेंद में शतक लगाया था।






