IPL के ये 5 रिकॉर्ड तोड़ना हर किसी के बस की बात नहीं; क्या वैभव सूर्यवंशी कर पाएंगे कमाल?
वैभव सूर्यवंशी आज पहली बार आईपीएल 2026 में खेलते दिखाई देंगे। पिछले सीजन वह 7 मैच ही खेल पाए थे, मगर उन्होंने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। वैभव हाल ही में 15 साल के हुए हैं।

15 साल के वैभव सूर्यवंशी आज एक बार फिर फैंस का मनोरंजन करते हुए नजर आएंग। राजस्थान रॉयल्स आज आईपीएल 2026 में अपने अभियान का आगाज चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ करने वाली है। पिछले सीजन मात्र 7 मैचों में वैभव सूर्यवंशी को अपनी काबिलियत दिखाने का मौका मिला था, मगर इस युवा बल्लेबाज ने आधे ही सीजन में हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उम्मीद है कि वैभव सूर्यवंशी को इस बार पूरा सीजन खेलने का मौका मिलेगा। ऐसे में उनके पास इन 5 रिकॉर्ड्स को तोड़ने का मौका होगा, जो हर किसी के बस की बात नहीं है।
क्रिस गेल का नाबाद 175 रन का रिकॉर्ड
आईपीएल के इतिहास के पहले मैच में ब्रेंडन मैकुलम ने 158 रनों की पारी खेल रिकॉर्ड बनाया था। उनके इस रिकॉर्ड को क्रिस गेल ने 2012 में 175 रनों की धुआंधार पारी खेलकर तोड़ा था। यह सिर्फ आईपीएल का ही नहीं बल्कि टी20 क्रिकेट का एक पारी में बनाया गया सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। आईपीएल में पिछले 14 सालों से इस रिकॉर्ड के आस-पास भी कोई नहीं पहुंच पाया है, मगर वैभव सूर्यवंशी इसे तोड़ने की काबिलियत रखते हैं।
आईपीएल में कभी एक ओवर में नहीं लगे 6 छक्के
आईपीएल के इतिहास में कई मौके ऐसे आए हैं, जब एक ओवर में 5 छक्के लगे हैं, मगर 18 साल के इतिहास में कोई बल्लेबाज अभी तक एक ओवर में 6 छक्के नहीं लगा पाया है। वैभव सूर्यवंशी ये कारनामा कर इतिहास रच सकते हैं। बात आईपीएल में एक ओवर में 5 छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की करें तो- क्रिस गेल ने 2012 में पुणे वॉरियर्स के राहुल शर्मा की गेंदों पर पांच छक्के लगाकर ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। राहुल तेवतिया ने 2020 में वेस्टइंडीज के इंटरनेशनल शेल्डन कॉटरेल की गेंदों पर पांच छक्के लगाकर IPL में अपनी जगह बनाई, और रवींद्र जडेजा ने 2021 में RCB के हर्षल पटेल के खिलाफ ऐसा किया था। इसके बाद रिंकू सिंह ने यश दयाल के खिलाफ तो रियान पराग ने KKR के मोईन अली की गेंदों पर पांच छक्के मारे।
एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के
क्रिस गेल ने जब 2012 में 175 रनों की पारी खेली थी तो उस पारी के दौरान उन्होंने 17 छक्के लगाए थे। यह एक आईपीएल पारी में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा सिक्स है। वैभव सूर्यवंशी अपने छोटे से करियर में कई बार एक पारी में 15 छक्के लगा चुके हैं। उनकी नजरें आईपीएल में क्रिस गेल के इस रिकॉर्ड को तोड़ने पर जरूर होगी।
एक सीजन में हाईएस्ट स्ट्राइक रेट
आईपीएल के एक सीजन में हाईएस्ट स्ट्राइक से रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेज़र-मैकगर्क के नाम है। उन्होंने 2024 में 9 मैचों में 234.34 के स्ट्राइक रेट के साथ 330 रन बनाए थे। वैभव सूर्यवंशी ने पिछले आईपीएल सीजन में 7 मैचों में जरूर 206.55 के स्ट्राइक रेट के साथ 252 रन बनाए थे। वैभव अब और ज्यादा खतरनाक हो गए हैं, ऐसे में उनसे इस रिकॉर्ड को भी तोड़ने की उम्मीद कर सकते हैं।
एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स
एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। यूनिवर्स बॉस ने 2012 के एडिशन में ही 59 छक्के लगाए थे। आंद्रे रसेल 2019 में 52 छक्कों के साथ जरूर उनके करीब पहुंचे थे, मगर गेल का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए थे। सवाल यह है कि क्या वैभव सूर्यवंशी इस रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


