‘वैभव सूर्यवंशी समझ जाएगा कि…', कपिल देव नहीं चाहते 15 साल का क्रिकेटर ये बोझ झेले
वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में चुने जाने के बाद कपिल देव ने अहम बात कही है। वह नहीं चाहते कि 15 साल का क्रिकेटर बहुत अधिक उम्मीदों का बोझ झेले। उन्होंने सूर्यवंशी को एक विशेष प्रतिभा करार दिया।

महान क्रिकेटर कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिलने पर प्रशंसकों और विशेषज्ञों को उन्हें लेकर संयम रखने की अपील करते हुए कहा कि इस युवा पर करियर की शुरुआत में अपेक्षाओं का अत्यधिक बोझ डालना अनुचित होगा। 15 साल के सूर्यवंशी महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर भारत की सीनियर पुरुष टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। उन्हें इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है और साथ ही इस साल के आखिर में जापान के आइची नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भी उन्हें टीम में जगह दी गई है।
'इसका जवाब तो वही दे सकता है'
विश्व कप 1983 विजेता भारतीय टीम के कप्तान कपिल ने सूर्यवंशी को 'विशेष प्रतिभा' बताया लेकिन इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ढलने के लिए समय और तालमेल बैठाने की जरूरत होगी। कपिल ने सोमवार को 'पीटीआई वीडियो' से कहा, ''वह एक विशेष प्रतिभा है। उसे समय दें लेकिन उसने निश्चित रूप से अपनी काबिलियत दिखाई है। मुझे लगता है कि वह अद्भुत है लेकिन फिर भी उसे (भारतीय टीम में) खुद को संभालना होगा, फिट रहना होगा और जब आप राष्ट्रीय टीम का हिस्सा होते हैं तो कई और चीजें भी होती हैं।'' उन्होंने कहा,''वह कितना एकाग्र है इसका जवाब तो वही दे सकता है लेकिन मेरे लिए वह एक विशेष प्रतिभा है।''
'वैभव सूर्यवंशी समझ जाएगा कि...'
कपिल का मानना है कि सूर्यवंशी क्लब और देश के लिए खेलने के बीच में अंतर को जल्द ही समझ जाएंगे। उन्होंने कहा, ''किसी युवा खिलाड़ी का सम्मान करने में कोई बुराई नहीं है लेकिन इस स्तर पर उससे बहुत अधिक उम्मीद करना गलत होगा। उसे अभी-अभी टीम में शामिल किया गया है। वह समझ जाएगा कि क्लब क्रिकेट, देश के लिए खेलने से बिल्कुल अलग है। इसमें सोचने का तरीका अलग होता है इसलिए उसे समय दें और बहुत अधिक उम्मीद नहीं करें। बस उसे समय दें।''
'यह उसके लिए बहुत बड़ा पल है'
कपिल के पूर्व साथी खिलाड़ी और तेज गेंदबाज मदनलाल को कोई शक नहीं है कि सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग जैसी सफलता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दोहराने में सफल रहेंगे। मदनलाल ने कहा, ''यह उसके लिए बहुत बड़ा पल है क्योंकि 15 साल के इस खिलाड़ी ने अपनी काबिलियत के दम पर टीम में जगह बनाई है। उसे यह मौका उसके अच्छे प्रदर्शन की वजह से मिला है।'' उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि वह निश्चित रूप से ऐसा कर पाएगा क्योंकि उसमे भरपूर प्रतिभा है। वह ऐसा क्यों नहीं कर पाएगा? वह अच्छी फॉर्म में भी है। वह पूरे टूर्नामेंट में खेला है और लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वह सिर्फ 15 साल का है और पहले ही दिखा चुका है कि वह क्या कर सकता है।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



