वैभव सूर्यवंशी से भी खतरनाक हैं अभिषेक शर्मा, जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान सीरीज के आंकड़े देते हैं गवाही
वैभव सूर्यवंशी द्वारा जिम्बाब्वे सीरीज में किए गए प्रदर्शन और अभिषेक शर्मा द्वारा अफगानिस्तान सीरीज में किए गए प्रदर्शन की तुलना करने पर कौन सा खिलाड़ी ज्यादा खतरनाक है, इन आंकड़ों में देखिए।

भारत बनाम अफगानिस्तान तीन मैचों की टी-20 सीरीज समाप्त होने के बाद जिस एक खिलाड़ी की चर्चा चारों तरफ हो रही है वह वैभव सूर्यवंशी नहीं, बल्कि अभिषेक शर्मा हैं। अभिषेक शर्मा ने तीसरे और आखिरी मैच में 30 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास के सुनहरे अक्षरों में अपना नाम दर्ज कराया। पहले मुकाबले में भी उन्होंने 82 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने पूरी सीरीज में दमदार प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड भी अपने नाम किया। इससे पहले जब भारतीय टीम तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलने जिम्बाब्वे गई थी तब वहां अभिषेक शर्मा नहीं, बल्कि वैभव सूर्यवंशी का जादू चला था। इस 15 वर्षीय प्लेयर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवार्ड जीता था।
इन आंकड़ों में वैभव सूर्यवंशी से भी खतरनाक हैं अभिषेक शर्मा
प्लेयर ऑफ द सीरीज दोनों खिलाड़ी रहे, लेकिन दोनों के आंकड़ों में बहुत फर्क देखा गया। जो काम वैभव सूर्यवंशी जिम्बाब्वे की सीरीज में नहीं कर पाए थे अभिषेक शर्मा ने भारतीय सरजमीं पर दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में कर दिखाया। वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे की तीन मैचों की सीरीज में 200 का स्ट्राइक रेट पार नहीं किया था, उनका स्ट्राइक रेट 196.10 का था, जबकि अफगानिस्तान सीरीज में अभिषेक शर्मा का स्ट्राइक रेट 269.41 का है, जो अपने आप में एक अद्भुत आंकड़ा दर्शाता है। इसी तरह उस सीरीज में वैभव सूर्यवंशी तीन पारियों में 200 रनों का आंकड़ा नहीं पार कर पाए थे, यहां अभिषेक शर्मा ने उतनी ही पारियों में 200 से ज्यादा रन बना दिए। अभिषेक शर्मा ने 76.33 की कमाल की औसत के साथ रन बनाए, जबकि जिम्बाब्वे सीरीज में वैभव सूर्यवंशी की औसत 50.33 की रही थी। वैभव सूर्यवंशी ने उस सीरीज में सिर्फ 15 चौके और 9 छक्के लगाए थे, वहीं अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में 18 चौके और 22 छक्के जड़ दिए हैं। दोनों सीरीज में दोनों बल्लेबाजों की तुलना करने पर साफ जाहिर होता है कि जब अभिषेक शर्मा अपने रौंद्र रूप यानी फुल फॉर्म में होते हैं तो वे वैभव सूर्यवंशी से भी खतरनाक और दमदार आंकड़े प्रस्तुत करते हैं। गेंदबाजों के लिए तबाही का काम करते हैं।
जिम्बाब्वे सीरीज में वैभव के रन, AFG सीरीज में अभिषेक के रन
इन दोनों सीरीजों में दोनों बल्लेबाजों की तुलना करें तो अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में सभी तीन पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 76.33 की औसत और 269.41 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 229 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, वैभव सूर्यवंशी की जिम्बाब्वे दौरे के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 3 मैचों की तीन पारियों में कुल 50.33 की औसत और 196.10 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 151 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतकीय पारियां खेली थीं। उनका सर्वोच्च स्कोर 81 रन था।



