वैभव सूर्यवंशी की प्लेइंग XI में जगह नहीं, संजू सैमसन का स्थान बरकरार, आज के मैच के लिए आकाश चोपड़ा की टीम
आकाश चोपड़ा ने भारत बनाम अफगानिस्तान दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए अपनी प्लेइंग XI बताई है, जिसमें उन्होंने सिर्फ 1 परिवर्तन किया है। वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल नहीं किया है। संजू सैमसन की जगह बरकरार है।

भारत बनाम अफगानिस्तान दूसरे टी-20 मैच के लिए आकाश चोपड़ा ने अपनी प्लेइंग XI चुनी है। इसमें उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं दी है। उन्होंने पहले मैच में जो भारतीय टीम खेली थी उसमें सिर्फ 1 बदलाव किया है। वह बदलाव भी इसलिए किया है, क्योंकि वरुण चक्रवर्ती चोटिल हो गए हैं। वरुण चक्रवर्ती के चोटिल होने के बाद आकाश चोपड़ा ने उनके स्थान पर रवि बिश्नोई को शामिल करने की बात कही है। आकाश चोपड़ा ने फिलहाल तो संजू सैमसन को अपनी प्लेइंग XI में जगह दी है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा है कि उन्हें प्रदर्शन करना होगा, तभी टीम में जगह रहेगी। पिछली पांच पारियों में संजू द्वारा बनाए गए सिर्फ 45 रनों के स्टैट्स को शो करते हुए चोपड़ा ने कहा कि इन आंकड़ों की वजह से आप ज्यादा दिन टीम इंडिया में खेल नहीं पाएंगे, क्योंकि पीछे वैभव सूर्यवंशी बैठा है।
संजू सैमसन पर खड़े किए सवाल
आकाश चोपड़ा ने संजू सैमसन पर आगे कहा कि हां, हर बार टारगेट में संजू आते हैं लेकिन अब आंकड़े भी उनके विपरीत जा रहे हैं। क्रिकेट इमोशन और संवेदना के साथ हर मरतबा नहीं चलता है। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले मैच में 8 गेंदों का सामना करते हुए संजू सैमसन सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए थे। उन्होंने सिर्फ दो चौके लगाए थे। उस पारी के बाद भी आकाश चोपड़ा ने कहा था कि मेरी नजर सिर्फ एक ही खिलाड़ी पर थी जिसका नाम संजू सैमसन है। उन्होंने कहा कि संजू की अब एक- एक पारी का हिसाब रखा जाएगा।
वरुण चक्रवर्ती की चोट के कारण परिवर्तन
बीते दिन भारतीय खेमे से यह खबर आई कि वरुण चक्रवर्ती चोटिल हो गए हैं। सूत्रों के हवाले से बताया गया कि उनकी एमआरआई रिपोर्ट सामने आई है जिसमें उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव है, जिसकी वजह से वह अफगानिस्तान के खिलाफ बाकी के बचे दो मैचों में नहीं खेल सकेंगे। वे एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेंगे या नहीं इसको लेकर संशय बना हुआ है। वरुण चक्रवर्ती के टीम से बाहर होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कोई भी रिप्लेसमेंट घोषित नहीं किया है। ऐसे में विशेषज्ञ स्पिनर के रूप में सिर्फ रवि बिश्नोई का ही विकल्प बचता है और आकाश चोपड़ा भी इसके साथ ही गए है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरे टी-20 मैच के लिए आकाश चोपड़ा द्वारा बनाई गई भारत की प्लेइंग XI
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नितिश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई।



