वैभव सूर्यवंशी ने फ्लॉप शो की लगाई हैट्रिक, इंग्लैंड ने फिर से इस कमजोरी का उठाया फायदा
Vaibhav Sooryavanshi Bristol T20I: वैभव सूर्यवंशी भारत बनाम इंग्लैंड चौथे टी20 मैच में भी सस्ते में पवेलियन लौटे। युवा सलामी बल्लेबाज ने इंग्लैंड में फ्लॉप शो की हैट्रिक लगा दी है।

आईपीएल में धमाल मचाने वाले युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का इंग्लैंड में फ्लॉप शो जारी है। संजू सैमसन की जगह प्लेइंग इलेवन में आए 15 साल के सूर्यवंशी लगातार तीन मैचों में 15 का आंकड़ा पार नहीं सके। वह इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय खिलाड़ी हैं। सलामी बल्लेबाज सूर्यवंशी गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच में भी सस्ते आउट हुए। उन्होंने ब्रिस्टल के मैदान पर 10 गेंदों का सामना करने के बाद 15 रन बनाए। उनके बल्ले से एक चौका और एक छक्का निकला। उन्होंने फ्लॉप शो की हैट्रिक लगाई है। वह इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में 10 गेंदों में 14 जबकि तीसरे मैच में 5 गेंदों में 13 रन बनाकर लौटे थे।
इंग्लैंड ने फिर से इस कमजोरी का उठाया फायदा
सूर्यवंशी की शॉर्ट गेंदों पर कमजोरी का इंग्लैंड ने एक बार फिर फायदा उठाया। वह पिछले तीन इंटरनेशनल मैचों में बैक ऑफ लेंथ गेंदों पर संघर्ष करते हुए नजर आए हैं। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने लगातार दूसरे मैच में सूर्यवंशी का विकेट चटकाया। उन्होंने ब्रिस्टल में पांचवें स्टंप की लाइन में बैक ऑफ लेंथ गेंद डाली, जिसपर सूर्यवंशी ने पुल शॉट खेलने का प्रयास किया। हालांकि, गेंद सिर्फ ऊंची गई और मिडऑन पर मौजूद सैम करन ने आसान कैच लपक लिया। आर्चर ने तीसरे मैच में बाउंसर डालकर युवा ओपनर की पारी का अंत किया था। आर्चर और सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं। आर्चर ने कहा था कि उन्हें सूर्यवंशी की कमजोरी का बखूबी पता है।
भारत ने लड़खड़ाने के बाद सम्मानजनक स्कोर
भारत ने ब्रिस्टल में टॉस जीतकर बैटिंग चुनी लेकिन शुरुआत उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही। वैभव सूर्यवंशी के बाद ईशान किशन (4) और अभिषेक शर्मा (16) भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। 48 रन पर तीन विकेट गिरने पर कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शिवम दुबे (22) के साथ चौथे विकेट के लिए 53 रनों की पार्टनरशिप की। दुबे 14वें ओवर में आउट हुए। उपकप्तान तिलक वर्मा ने 11 और वॉशिंगटन सुंदर ने 5 रनों का योगदान दिया। ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अपने 100वें टी20 इंटरनेशनल मैच में एक रन बनाया। वह भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर रनआउट हुए। श्रेयस ने 49 गेंदों का सामना करने के बाद नाबाद 80 रन जोड़े, जिसमें चार चौके और पांच सिक्स शामिल हैं। यह श्रेयस की T20I में दसवीं अर्धशतकीय पारी है। उनकी पारी की बदौलत भारत ने 158/7 का सम्मानजनक स्कोर बनाया।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



