दलीप ट्रॉफी फाइनल की दूसरी पारी में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला रहा खामोश, विजय ने अपनी जाल में फंसाया
वैभव सूर्यवंशी बुधवार को दलीप ट्रॉफी फाइनल की दूसरी पारी में सस्ते में पवेलियन लौटे। पहली पारी में 44 रन की पारी खेलने वाले वैभव दूसरी पारी में 8 रन ही बना सके।

दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल पूर्व क्षेत्र और दक्षिण क्षेत्र के बीच खेला जा रहा है। ईशान किशन के दमदार दोहरे शतक की बदौलत पूर्व क्षेत्र ने पहली पारी में 708 रन बनाए। इसके जवाब में दक्षिण क्षेत्र की टीम 336 रन ही बना सकी। कप्तान तिलक वर्मा ने 99 रन की अहम पारी खेली लेकिन वह शतक लगाने से चूक गए। पूर्व क्षेत्र के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी दूसरी पारी में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और सस्ते में पवेलियन लौट गए। पहली पारी में टीम के लिए शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ी इस बार कमाल नहीं दिखा सकी।
दलीप ट्रॉफी फाइनल के चौथे दिन बुधवार को दक्षिण क्षेत्र की टीम पहली पारी में 336 रन पर सिमट गई। इस तरह पूर्व क्षेत्र ने पहली पारी में 372 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। दूसरी पारी में ईशान किशन की टीम की शुरुआत खराब रही। टीम के सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन 13 गेंद में तीन रन ही बना सके। उन्होंने पिछली पारी में 72 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं उनके जोड़ीदार वैभव सूर्यवंशी भी अगले ओवर में पवेलियन चले गए। उन्होंने 16 गेंद में 8 रन बनाए। उन्हें त्रिपुरण विजय ने स्टंपिंग करवाया। हालांकि इसके बाद ईशान किशन ने शिखर मोहन के साथ मिलकर पारी को संभाला।
वैभव सूर्यवंशी का दलीप ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन
पूर्व क्षेत्र के उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी ने जारी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है। वह दलीप ट्रॉफी में 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। वैभव ने तीन मैचों में 192 रन बनाए। उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है। उनका औसत 38.40 और स्ट्राइक रेट 104.91 रहा है। उनके अलावा टीम के कप्तान ईशान किशन ने तीन मैचों में 370 से ज्यादा रन बनाए हैं। वह फाइनल में दोहरा शतक भी लगा चुके हैं। दक्षिण क्षेत्र के कप्तान तिलक वर्मा भी इस लिस्ट में शामिल हैं। उन्होंने दो मैचों में 266 रन बनाए हैं। उनके नाम दो अर्धशतक और एक शतक है।
तिलक शतक से चूके
दक्षिण क्षेत्र ने बुधवार को छह विकेट पर 242 रन से आगे खेलना शुरू किया, जबकि तिलक ने 56 रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। पूर्व क्षेत्र को दक्षिण क्षेत्र को समेटने में पूरा एक सेशन लगा, लेकिन उन्होंने अपना काम पूरा कर लिया और पहली पारी में 372 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। तिलक वर्मा ने संघर्ष जारी रखा और उन्हें सीवी मिलिंद (43) का साथ मिला; दोनों ने 7वें विकेट के लिए 78 रन जोड़े। लेकिन मिलिंद के आउट होते ही एक छोर खुल गया और ईस्ट ज़ोन ने बाकी बल्लेबाज़ों को जल्दी आउट कर दिया। तिलक एक और शतक की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन उनकी पारी 99 रन पर ही दुखद रूप से खत्म हो गई। कुनैन क़ुरैशी ने तिलक को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। तिलक ने 211 गेंदों की अपनी पारी में नौ चौके लगाए। मुकेश ने तीन विकेट लिए, जबकि तीन अन्य गेंदबाज़ों मोहम्मद शमी, कुनैन क़ुरैशी और शिखर मोहन ने दो-दो विकेट लिए।


