'वैभव सूर्यवंशी उन गलतियों को न दोहराए जो...', ईशान किशन ने किया टीम इंडिया के 'प्रोटेक्शन प्लान' का खुलासा
भारत के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी को लेकर ईशान किशन ने अहम बात कही है। 15 वर्षीय सूर्यवंशी फिलहाल जिम्बाब्वे दौरे पर हैं। वह भारत की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं।

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में धमाल मचाने के बाद टीम इंडिया में एंट्री मारी थी। 15 वर्षीय ओपनर इंग्लैंड में तीन मैचों में फ्लॉप रहा। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर सूर्यवंशी अभी जिम्बाब्वे में हैं। वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा प्लेयर हैं। भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने सूर्यवंशी को लेकर टीम के 'प्रोटेक्शन प्लान' का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि सीनियर खिलाड़ी मिलकर सूर्यवंशी की इतनी कम उम्र में इंडिया को रिप्रेजेंट करने में आने वाली चुनौतियों से निपटने में मदद कर रहे हैं। सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में 19 गेंदों में 50 रनों की रिकॉर्ड पारी खेली थी। हालांकि, वह दूसरे टी20 में 9 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। ईशान किशन ने जिम्बाब्वे के सामने दूसरे टी20 में दमदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 9 चौकों और दो छक्कों के जरिए 81 रन जुटाए। वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
'बहुत सी ध्यान भटकाने वाली...'
28 वर्षीय ईशान ने दूसरे टी20 के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''वैभव असल में बहुत स्मार्ट है। उसे पता है कि कैसे बल्लेबाजी करनी है और मैदान के अंदर और बाहर खुद को कैसे संभालना है। लेकिन साथ ही बहुत सी ध्यान भटकाने वाली चीजें हो सकती हैं। आपके फ्रेंड सर्कल में डिस्ट्रैक्शन हो सकता है। उसी बैकग्राउंड से आने के कारण मुझे पता है कि जब आप क्रिकेट खेलते हैं, जब आप भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं तो आपको किन चीजों पर फोकस करने की जरूरत होती है। मैं, अभिषेक शर्मा, अक्षर पटेल भाई और टीम के कई अन्य खिलाड़ी उसे लगातार यही कहते हैं कि क्रिकेट पर ध्यान दो, सोशल मीडिया या बाहरी शोर पर नहीं।''
भारतीय ड्रेसिंग रूम क्या चाहता है?
विकेटकीपर ने बताया कि भारतीय टीम क्यों वैभव को अनावश्यक ध्यान भटकाने वाली चीजों से दूर रखने की कोशिश कर रही? ईशान ने कहा, ''हम बस यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे कि उसका फोकस डिगे नहीं। दरअसल, उसमें अकेले दम पर मैच का रुख पलटने का माद्दा है। अगर वह क्रीज पर टिक जाता है तो टीम के लिए बड़ा अंतर पैदा कर सकता है। पहली ही गेंद से आक्रामक खेलने वाला बल्लेबाज पावरप्ले में टीम को 80-90 रन तक पहुंचा सकता है।'' ईशान ने कहा कि भारतीय ड्रेसिंग रूम चाहता है कि वैभव बाहर की चीजों के बोझ के बिना खेल का लुत्फ उठाएं। उन्होंने यह भी कहा कि इस युवा खिलाड़ी को छोटे भाई की तरह देखते हैं।
'वैभव उन गलतियों को न दोहराए जो...'
वैभव बिहार के रहने वाले हैं। ईशान का जन्म भी बिहार में हुआ है। विकेटकीपर ने कहा, ''जब ऐसा प्लेयर हो और आप जानते हों कि वह बहुत छोटा है तो आप कभी नहीं चाहेंगे कि वह गलत वजहों से भटके। इसलिए टीममेट्स के तौर पर हमारा मुख्य फोकस बस उसे खुश रखना है, उसका ध्यान जरूरी चीजों पर बनाए रखना है ताकि वह उन गलतियों को न दोहराए जो हमने अपने शुरुआती दिनों में की थीं। हम भाई जैसे हैं। वह उसी जगह से है जहां से मैं हूं। माइंडसेट का मामले हो या फिजिकल फिटनेस का, चाहे जो भी हो, एक भाई के तौर पर हम बस यही चाहते हैं कि वह उन गलतियों को न दोहराए और अपने खेल का मजा लेता रहे।''



