वैभव सूर्यवंशी के दिमाग पर नहीं चढ़ता इस चीज का प्रेशर, पूर्व भारतीय ओपनर ने बोला खरा सच
वसीम जाफर ने जिम्बाब्वे सीरीज समाप्त होने के बाद वैभव सूर्यवंशी की शान में कसीदा पढ़ा है। 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ प्लेयर ऑफ द सीरीज अपने नाम किया।

15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंसी ने इंग्लैंड में फ्लॉप रहने के बाद जिम्बाब्वे सीरीज में महफिल लूटी। उन्होंने जिम्बाब्वे में तीन टी20 मैचों में सर्वाधिक 151 रन बनाए, जिसमें 50.33 का औसत और 196.10 का स्ट्राइक रेट रहा। वैभव ने तीसरे टी20 में 49 गेंदों में 8 चौकों और चार छक्कों की मदद से 81 रनों की शानदार पारी खेली। वह प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। वैभव यह दोनों अवॉर्ड जीतने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर हैं। पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर ने वैभव को लेकर एक खरा सच बोला है। उन्होंने कहा कि युवा ओपनर बल्लेबाजी करते समय स्कोरबोर्ड, माइलस्टोन या फिर रिकॉर्ड की बिल्कुल टेंशन नहीं लेता।
वैभव के दिमाग पर नहीं चढ़ता इस चीज का प्रेशर
जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''वैभव बिल्कुल बेखौफ क्रिकेट खेलते हैं। हमने उन्हें आईपीएल नॉकआउट में भी देखा था, जहां नाइंटीज में पहुंचने के बाद वह दो सेंचुरी से चूक गए। वह आसानी से कुछ और बॉल खेल सकते थे और सिंगल ले सकते थे ताकि सेंचूरी हो जाए। लेकिन यह उनका नेचर नहीं है। वह इस तरह से गेम नहीं खेलते। यह उनके बारे में पसंद करने लायक चीज है। हालांकि, हम सब चाहते हैं कि वह बड़े शतक लगाएं। लेकिन यह उनका स्टाइल नहीं है। वह अपने शॉट्स खेलते रहते हैं और बड़े हिट्स लगाते हैं, और यही उनकी सफलता का कारण भी है। यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि स्कोरबोर्ड या व्यक्तिगत माइलस्टोन का प्रेशर उनके दिमाग पर नहीं चढ़ता। उन्होंने तीसरे टी20 में भी बहुत अच्छे शॉट लगाए लेकिन बदकिस्मती से ब्रैड इवांस नेशानदार लपक लिया। वरना ऐसा लगा रहा था कि वैभव पहली इंटरनेशनल सेंचुरी कंप्लीट कर लेंगे।''
जिम्बाब्वे में धमाल मचाने के बाद क्या बोले वैभव?
'प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज' चुने जाने के बाद भारत के युवा बल्लेबाज वैभव ने इसे अपने लिए 'सपना सच होने जैसा' पल बताया और टीम प्रबंधन का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उन्हें हमेशा अपना स्वाभाविक टी20 खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। जिम्बाब्वे में धमाल मचाने के बाद युवा ओपनर ने कहा, ''मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा है। पहला 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' पुरस्कार मिला है। यहां मेरी तैयारी भी काफी अच्छी रही। 'कोच, कप्तान और पूरी टीम ने मेरा पूरा साथ दिया। मैंने अपना स्वाभाविक टी20 खेल खेलने की कोशिश की। मेरा प्रयास टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने का रहता है और अगर शुरुआत अच्छी मिले तो बड़ी पारी खेलने की कोशिश करता हूं।'' वैभव ने कहा, ''मैं यहां अंडर-19 वर्ल्ड कप भी खेल चुका हूं और मुझे यहां बल्लेबाजी करना अच्छा लगता है। अभ्यास में जो करता हूं, वही मैच में दोहराने की कोशिश करता हूं।''



