वैभव सूर्यवंशी को अजिंक्य रहाणे ने किया सतर्क, बोले- IPL में ऐसा करना आसान लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में…
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले महीने इंटरनेसनल क्रिकेट में कदम रखा है। सूर्यवंशी को लेकर दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अहम बात कही है। रहाणे ने हाल ही में रिटायरमेंट रिटायरमेंट लिया।

15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की इंटरनेशनल क्रिकेट में शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। उन्होंने पिछले महीने इंग्लैंड में तीन टी20 मैचों में 14, 13 और 15 के स्कोर बनाए। हालांकि, सूर्यवंशी जिम्बाब्वे दौरे पर थोड़ी लय में दिखे और तीन मैचों में 151 रन बटोरकर प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीता। उन्होंने आईपीएल में धमाल मचाने के बाद टीम इंडिया में एंट्री मारी थी। सूर्यवंशी द्वारा इंटरनेशनल लेवल पर मिला-जुला प्रदर्शन करने के बाद अजिंक्य रहाणे ने उन्हें सतर्क किया है। दिग्गज बल्लेबाज रहाणे ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट एक अलग चुनौती है। उनका मानना है कि अभी यह तय करना जल्दबाजी होगी कि सूर्यवंशी को भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहिए या नहीं।
'अभी कमेंट करना मुश्किल है'
हाल ही में रिटायरमेंट लेने वाले रहाणे से जब 'स्टिक टू क्रिकेट' पॉडकास्ट पर पूछा गया कि क्या सूर्यवंशी भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे तो उन्होंने कहा, ''अभी इस पर कुछ कहना या कमेंट करना मुश्किल है।'' पॉडकास्ट पर डेविड लॉयड, फिल टफनेल और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलेस्टेयर कुक और माइकल वॉन मौजूद थे। बता दें कि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने कुछ समय पहले सूर्यवंशी का टेस्ट क्रिकेट के लिए समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट में उम्र और अनुभव के साथ अलग-अलग चुनौतियों से निपटना सीख जाएगा।
'IPL में ऐसा करना आसान है'
रहाणे ने आगे कहा, ''मैं कुछ नहीं कहना चाहता और उस लड़के पर प्रेशर नहीं डालना चाहता। क्योंकि लोग पहले से ही उसके बारे में बहुत बातें कर रहे हैं। अभी तो बस दो आईपीएल सीजन हुए हैं। मुझे एहसास है कि आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट बिल्कुल अलग हैं। जब आप अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हैं तो प्रेशर बहुत ज्यादा होता है। आईपीएल में 4, 5 ओवर में 70 रन चेज करना आसान है। इंटरनेशनल क्रिकेट में उतने ही रन चेज करना अलग है। उसे बस अपना गेम खेलने दीजिए और आगे बढ़ने दीजिए।''
IPL जैसा रौद्र रूप नहीं दिखा
सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में सर्वाधिक 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की थी। वह पावरप्ले में ही गेंदबाजों की बखिया उधेड़कर विरोधी टीम की हवाइयां उड़ा देते थे। लेकिन सूर्यवंशी अभी तक छह इंटरनेशनल मैचों में आईपीएल जैसा रौद्र रूप नहीं दिखा पाए हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे में पहले टी20 में 19 गेंदों में 50 रनों की आतिश पारी खेली मगर दूसरे मैच में 9 गेंदों में 20 रन बना सके। सूर्यवंशी ने तीसरे मुकाबले में 49 गेंदों में 81 रनों की पारी खेली। सूर्यवंशी भले ही शतक से चूक गए लेकिन फैंस जिस तरह की उनकी बैटिंग देखने की आदी है, यह वैसी पारी नहीं थी। उन्होंने 15 चौके लगाए और सिर्फ तीन छक्के ठोके।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



