वैभव सूर्यवंशी- ईशान किशन में दिखी विराट- रोहित जैसी बॉन्डिंग, रिव्यू लेने के लिए कप्तान को ऐसे मनाया, VIDEO
दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले के तीसरे दिन वैभव सूर्यवंशी ने एक कमाल का काम किया है। उन्होंने रिव्यू लेने के लिए अपने कप्तान को कन्विंस किया। जिस तरह से ईशान को उन्होंने रिव्यू लेने के लिए कहा, वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। विराट कोहली- रोहित शर्मा की याद आ गई है।

इस समय भारत इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव नहीं है, लेकिन घरेलू क्रिकेट में दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैदान पर ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीमें खिताबी मुकाबले के लिए आमने सामने हैं। ईस्ट जोन की टीम के कप्तान ईशान किशन और उप- कप्तान 15 वर्षीय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी हैं। साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा हैं और उनकी टीम में देवदत्त पडिक्कल, मोहम्मद सिराज जैसे बड़े खिलाड़ी भी शामिल हैं। दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले का आज तीसरा दिन है। खेल के तीसरे दिन ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी के बीच एक खास बॉन्डिंग देखने को मिली। वैभव सूर्यवंशी ने ईशान किशन को स्ट्रॉगली कन्विंस किया और नतीजा उनके पक्ष में भी रहा। यह लम्हा कैमरे में कैद हो गया जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ईशान किशन को सूर्यवंशी ने रिव्यू के लिए ऐसे मनाया, VIDEO
दलीप ट्रॉफी 2026 शुरू होने के साथ ही वैभव सूर्यवंशी ना केवल पूर्वी क्षेत्र की टीम के लिए एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हुए हैं, बल्कि उन्होंने बहुत जल्दी ही नेतृत्व की भूमिका भी बखूबी निभाई है। कप्तान ईशान किशन के चोटिल होने के बाद सेमीफाइनल में कप्तानी संभालने वाले सूर्यवंशी अब टीम के उप-कप्तान के रूप में अपनी उपयोगिता साबित कर रहे हैं। दलीप ट्रॉफी फाइनल के तीसरे दिन सूर्यवंशी ने ईशान को कैच-बिहाइंड के फैसले पर रिव्यू लेने के लिए सफलतापूर्वक मना लिया। अनुभवी तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने लेग साइड की गेंद पर साउथ जोन के रिकी भुई से एज लगवाया, जिसे विकेटकीपर कुमार कुशाग्र ने स्टंप्स के पीछे सफाई से कैच कर लिया। हालांकि, मैदान पर मौजूद अंपायर ने फैसला सुनाया कि गेंद बल्ले से नहीं लगी थी और अपील खारिज कर दी। इसी समय सूर्यवंशी ने ईशान से डीआरएस लेने का आग्रह किया। ईशान द्वारा रिव्यू का इशारा करने से पहले स्टंप माइक्रोफोन पर सूर्यवंशी के शब्द रिकॉर्ड हुए। वैभव ने ईशान को विराट कोहली के अंदाज में कहा "ले लो, ले लो।" बाद में अल्ट्राएज रिप्ले ने बल्ले और गेंद के बीच संपर्क की पुष्टि की, जिसके बाद अंपायर ने फैसला पलट दिया।
ऑन-एयर कमेंटेटर ने कुशाग्र की शानदार विकेटकीपिंग की सराहना करते हुए सूर्यवंशी की विकेट लेने में महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। कमेंटेटर ने ऑन एयर कहा "कुमार कुशाग्र ने शानदार कैच पकड़ा। लेकिन अगर आपको रिव्यू लेना है, तो वैभव सूर्यवंशी से बात करनी होगी। सबसे पहले उनकी बात सुनिए। स्टंप माइक पर वैभव को ईशान किशन से कहते सुना जा सकता है: 'मैं आपसे कह रहा हूं, रिव्यू लो। रिव्यू लो।' मुकेश कुमार, वैभव सूर्यवंशी को धन्यवाद कहिए। उन्हीं की वजह से रिव्यू लिया गया है।"
जब विराट कोहली ने सूर्यवंशी के अंदाज में रोहित का किया था समर्थन
बता दें कि जिस तरह से वैभव सूर्यवंशी ने आज के दिन फाइनल मुकाबले में अपने कप्तान ईशान को मनाया है साल 2024 में विराट कोहली ने भी कुछ इसी अंदाज में रोहित शर्मा को रिव्यू लेने के लिए अपना समर्थन दिया था। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा था। यह टेस्ट सीरीज दो ही मैचों की थी। जनवरी 2024 का समय था। तीन तासीख से मैच शुरू हुआ था। ये वाकया मुकाबले की तीसरी पारी के दौरान हुआ, जब दक्षिण अफ्रीका दूसरी पारी में बैटिंग कर रही थी। इस वक्त तक अफ्रीका 34 ओवर में 9 विकेट गंवा चुकी थी और भारत को सिर्फ एक विकेट की दरकार थी और उनके पास तीन रिव्यू मौजूद थे। वायरल वीडियो में देखा गया कि फील्डिंग के दौरान रोहित शर्मा रिव्यू लेने को लेकर गाली देकर कहते हैं, "ले लेता हूं" इसके आगे भारतीय कप्तान के मुंह से गाली निकली। फिर आगे उन्होंने कहा, "तीन-तीन हैं (रिव्यू)।" रोहित शर्मा की बात का जवाब देते हुए विराट कोहली कहते हैं, "हां ले ले (रिव्यू) क्या पता इनसाइडएज लगा हो।" केपटाउन में खेले गए इस मुकाबले को भारतीय टीम ने 7 विकेट से अपने नाम किया था। मोहम्मद सिराज प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किए गए थे। आज के मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने जिस अंदाज में ईशान किशन से कहा ले लो, ले लो। वह कई क्रिकेट प्रशंसकों को विराट कोहली द्वारा रोहित शर्मा को कहे गए- "ले ले, ले ले, क्या पता इनसाइडएज लगा हो" वाले वाकये की याद दिला गया।



