
ये तेज गेंदबाज डोप टेस्ट में हुआ फेल, क्रिकेट से आया दुर्लभ मामला; SMAT में खेला था आखिरी मैच
क्रिकेटर राजन कुमार डोप टेस्ट में फेल हो गए हैं। यह क्रिकेट से जुड़ा दुर्लभ मामला है। उन्होंने मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में आखिरी मैच खेला था। नाडा ने उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
क्रिकेट से जुड़े एक दुर्लभ मामले में उत्तराखंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज राजन कुमार के डोप जांच में पॉजिटिव पाए जाने के बाद राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इस 29 साल के क्रिकेटर के नमूने में ‘एनाबॉलिक स्टेरॉयड’ ड्रोस्टानोलोन और मेटेनोलोन के साथ-साथ क्लोमीफीन भी पाया गया, जिसका उपयोग आमतौर पर महिलाओं में बांझपन के इलाज के लिए किया जाता है। यह हालांकि पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन के स्तर को बढ़ाने की क्षमता भी रखता है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेला आखिरी मैच
उत्तराखंड के इस खिलाड़ी ने अपना पिछला मैच आठ दिसंबर को अहमदाबाद में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी ग्रुप डी के मैच में दिल्ली के खिलाफ खेला था। क्रिकेटरों के डोप जांच में विफल होने के मामले बहुत कम हैं। मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर अंशुला राव 2020 में डोपिंग के लिए पकड़े गए थे, जबकि पृथ्वी साव 2019 में डोप जांच में पॉजिटिव पाए गए थे। नोंगमैथेम रतनबाला देवी भी डोप टेस्ट में विफल होने वाली दुर्लभ फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक बन गईं। उनका नाम भी अस्थाई निलंबन पाने वाले खिलाड़ियों की नवीनतम सूची में शामिल है। उनके नमूने में एनाबॉलिक स्टेरॉयड मेटांडिएनोन पाया गया था।
धनलक्ष्मी शेखर पर आठ साल का प्रतिबंध लगा
इस सूची में अन्य खिलाड़ी गौरव पटेल (एथलेटिक्स), खुशबू कुमारी (भारोत्तोलन), अचलवीर करवासरा (मुक्केबाजी और सिद्धांत शर्मा (पोलो) हैं। तमिलनाडु की फर्राटा धाविका धनलक्ष्मी शेखर पिछले साल अपने करियर में दूसरी बार डोप जांच में पॉजिटिव पाई गई थीं। उन पर नौ सितंबर 2025 से आठ साल का प्रतिबंध लगाया गया है। सितंबर 2025 में उनके नमूने में एनाबॉलिक स्टेरॉयड ड्रोस्टानोलोन की पुष्टि हुई थी। यह उनका दूसरा डोप अपराध था। इस 27 साल की खिलाड़ी ने 2022 में डोप अपराध के लिए तीन साल का प्रतिबंध काटने के बाद 2025 में खेल में वापसी की थी।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





