पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होते ही इस खिलाड़ी ने कर दिया रिटायरमेंट वापस लेने का ऐलान
पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद उनके स्पिनर उस्मान कादिर ने अपना रिटायरमेंट वापस लेने का ऐलान कर दिया है। कादिर 2024 में सभी फॉर्मेट से संन्यास ले चुके थे।

पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होते ही उनके स्पिनर उस्मान कादिर ने रिटायरमेंट वापस लेने का ऐलान कर दिया है। बता दें, कादिर ने 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था, मगर अब उन्होंने यू-टर्न लेकर खुद को चयन के लिए उपलब्ध बताया है। उस्मान कादिर ने अपना रिटायरमेंट वापस लेने की जानकारी सोशल मीडिया पर उस समय शेयर की जब पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हुआ। पाकिस्तान का शनिवार, 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ अहम मुकाबला था, यह मैच तो पाकिस्तान जीता, मगर नेट रन रेट में कमजोर होने की वजह से वह सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया।
उस्मान कादिर ने 1 मार्च को तड़के 3 बजकर 33 मिनट पर X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “ऑस्ट्रेलिया में काफी सोच-विचार और सफल समय के बाद, मैंने तुरंत प्रभाव से इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से ऑफिशियली अपना रिटायरमेंट वापस लेने का फैसला किया है।
ऑस्ट्रेलिया में खेलने का मेरा समय बहुत बदलाव लाने वाला था। 41 विकेट हासिल करना और इतना अच्छा रिस्पॉन्स मिलना मुझे याद दिलाता है कि मेरा कॉम्पिटिटिव एज पहले की तरह ही तेज है। इससे मुझे साबित हुआ कि ग्लोबल स्टेज पर मेरा अभी भी अहम योगदान है।
क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक खेल नहीं है; यह एक पारिवारिक विरासत है। अपने परिवार से इस बारे में बात करने और पाकिस्तान क्रिकेट में मेरे पिता के बहुत बड़े योगदान को देखते हुए, मुझे इसे जारी रखने की बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी महसूस होती है। मेरे परिवार की इच्छाओं और अपने देश को रिप्रेजेंट करने की मेरी अपनी ज़बरदस्त इच्छा ने इस फ़ैसले को साफ कर दिया है।
मैं पूरी तरह से मेहनत करने के लिए तैयार हूं और बेसिक्स से लेकर सभी फॉर्मेट में सिलेक्शन के लिए खुद को उपलब्ध रख रहा हूं, ताकि मैं अपनी पूरी क्षमता से पाकिस्तान क्रिकेट की सेवा कर सकूं।
मेरा सफ़र अभी खत्म नहीं हुआ है। मैं एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट की भावना को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हूं।”
उस्मान कादिर ने पाकिस्तान के लिए एक ODI और 25 T20I खेले, उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू T20I सीरीज के दौरान अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया। उन्होंने तीन मैचों में 60 रन देकर आठ विकेट लेकर धूम मचा दी, और प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता था।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें



