विराट कोहली की तरह ही खत्म हुआ उस्मान ख्वाजा का टेस्ट करियर; दिखीं ये 5 समानताएं
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में संन्यास लेने वाले ख्वाजा के टेस्ट क्रिकेट करियर का अंत एकदम विराट कोहली के टेस्ट करियर की तरह हुआ। विराट कोहली और ख्वाजा के अंतिम मैच में 5 समानताएं देखी गईं जिसे अब फैंस ने नोटिस किया है और सोशल मीडिया पर इसके बारे में लिख रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली गई पांच मैचों की एशेज सीरीज का आखिरी मैच ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा के लिए काफी इमोशनल रहा। यह उनका टेस्ट करियर का आखिरी मैच था। ऐतिहासिक सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में ख्वाजा ने टीम के सदस्यों और दर्शकों की खचाखच उपस्थिति में रेड बॉल क्रिकेट को अलविदा कहा। बाएं हाथ के दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज पिछले कई मैचों से लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे थे और यही वजह रही की उन्हें संन्यास की घोषणा करनी पड़ी। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में संन्यास लेने वाले ख्वाजा के टेस्ट क्रिकेट करियर का अंत एकदम विराट कोहली के टेस्ट करियर की तरह हुआ। विराट कोहली और ख्वाजा के अंतिम मैच में 5 समानताएं देखी गईं जिसे अब फैंस ने नोटिस किया है और सोशल मीडिया पर इसके बारे में लिख रहे हैं।
आखिरी टेस्ट सिडिनी में
विराट कोहली और उस्मान ख्वाजा दोनों ने अपना आखिरी टेस्ट मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला। साल 2024-25 के बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच विराट के करियर का भी आखिरी टेस्ट मैच था। वहीं, साल 2025-26 के एशेज सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच में उस्मान ख्वाजा ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा जो सिडनी में खेला गया। इस तरह विराट कोहली और उस्मान ख्वाजा का टेस्ट करियर सिडनी के ऐतिहासिक क्रिकेट ग्राउंड में समाप्त हुआ।
लास्ट टेस्ट की दोनों पारियों में समान स्कोर
विराट कोहली ने अपने आखिरी टेस्ट मैच की पहली पारी में 17 रन बनाए थे और दूसरी पारी में उन्होंने अपनी टीम के स्कोर में 6 रनों का इजाफा किया था। इसे इत्तेफाक ही कह सकते हैं कि सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में जब उस्मान ख्वाजा ने अपना आखिरी टेस्ट खेला तो उन्होंने पहली पारी में विराट की तरह ही 17 रनों का स्कोर किया और दूसरी पारी में उन्होंने 6 रन ही बनाए। इस तरह विराट कोहली और उस्मान ख्वाजा की आखिरी टेस्ट पारियां सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर समाप्त होने के साथ-साथ एक ही स्कोर पर भी समाप्त हुईं।
ये दो समानताएं भी देखी गईं
तीन समानताओं के अतिरिक्त विराट कोहली का करियर भी लगातार खराब फॉर्म के कारण ही समाप्त हुआ था। हालांकि, यह कभी स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया लेकिन बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में विराट कोहली के बल्ले से पर्थ टेस्ट में शतक के बाद रन नहीं निकले थे। वहीं उस्मान ख्वाजा भी एशेज में लगातार अपने बल्ले से निराश करते आ रहे थे। विराट कोहली और उस्मान ख्वाजा का रिटायरमेंट सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच में हुआ यह भी एक समानता देखी गई।
ऐसा रहा ख्वाजा का टेस्ट करियर
उस्मान ख्वाजा के टेस्ट करियर की बात करें तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 88 टेस्ट मैच खेले जिसकी 159 पारियों में 42.95 की औसत के साथ कुल 6229 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने अपने करियर में 28 अर्धशतक और 16 शतक जड़े। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर 232 रन रहा।






