
WPL: यूपी के 'वॉरियर्स' ने किया MI का दूसरा शिकार, अमन और केर की मेहनत गई बेकार; लैनिंग का जलवा
UPW vs MI WPL 2026: मुंबई इ़ंडियंस को यूपी वॉरियर्स के खिलाफ हार का मुंह देखना पड़ा है। मुंबई की टीम 188 का टारगेट चेज नहीं कर पाई। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 21 गेंदों में महज 18 रन बनाए।
यूपी वॉरियर्स ने कप्तान मेग लैनिंग (70 रन) और फीबी लिचफील्ड (61) के अर्धशतकों और दूसरे विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से शनिवार को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) को 22 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दोनों टीम तीन दिन में दूसरी बार आमने सामने हुईं। दोनों ही बार यूपी वॉरियर्स ने मुंबई इंडियंस को पराजित किया।
लैनिंग की अगुआई वाली यूपी वॉरियर्स ने आठ विकेट पर 187 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस 20 ओवर में छह विकेट पर 165 रन ही बना सकी। मुंबई इंडियंस की आधी टीम 11वें ओवर में 69 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थीं। इसके बाद अमेलिया केर (नाबाद 49 रन) और अमनजोत कौर (41 रन) ने मिलकर छठे विकेट के लिए 45 गेंद में 83 रन की भागीदारी की। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। यूपी वॉरियर्स ने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराकर खाता खोला था। अब दोनों टीमों के पांच मैच में चार चार अंक हैं।
यूपी वॉरियर्स के लिए शिखा पांडे ने 30 रन देकर दो विकेट झटके जबकि क्रांति गौड़, दीप्ति शर्मा, सोफी एक्लेस्टोन और क्लो ट्रायोन को एक एक विकेट मिला। मुंबई इंडियंस के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 18 रन, नटाली साइवर ब्रंट ने 15, हैली मैथ्यूज ने 13 रन और सजीवन सजना ने 10 रन बनाए। इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद सलामी बल्लेबाज किरण नवगिरे लगातार पांचवें मैच में असफल रहीं और पहले ही ओवर में निकोला कैरी की गेंद पर बोल्ड हो गईं।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की महान क्रिकेटर लैनिंग ने हमवतन लिचफील्ड के साथ महज 76 गेंद में 119 रन की भागीदारी निभाकर टीम के प्रतिस्पर्धी स्कोर की नींव रखी। लैनिंग ने 45 गेंद की पारी के दौरान 11 चौके और दो छक्के जमाए जबकि उभरती हुई स्टार लिचफील्ड ने 37 गेंद में सात चौके और तीन छक्के जड़े। पर 13वें ओवर में अमनजोत कौर ने लिचफील्ड को आउट किया जिससे यूपी वॉरियर्स को 124 रन पर दूसरा झटका लगा।
अगले ओवर में लैनिंग भी पवेलियन लौट गईं जिससे स्कोर तीन विकेट पर 136 रन हो गया। फिर हरलीन देओल ने 16 गेंद में 25 रन और क्लो ट्रायोन ने 13 गेंद में 21 रन बनाकर योगदान दिया। मुंबई इंडियंस का क्षेत्ररक्षण काफी लचर रहा और उसने कम से कम पांच छोड़े। उसके लिए अमेलिया केर ने 28 रन देकर तीन जबकि नटाली साइवर ब्रंट ने 22 रन देकर दो विकेट झटके। निकोला कैरी, हैली मैथ्यूज और अमनजोत कौर को एक एक विकेट मिला।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





