आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में नहीं होगा वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू? बैटिंग कोच के बयान ने मचाई खलबली
आयरलैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच की पूर्व संध्या पर भारतीय बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को मौका देने के लिए किसी ऐसे प्लेयर को बाहर करना जिसने पहले से ही रन बनाए हों, नाइंसाफी होगी। उनके इस बयान ने नई चर्चा छेड़ दी है।

26 जून, शुक्रवार से भारत और आयरलैंड के बीच दो टी-20 मैचों की सीरीज की शुरूआत होने जा रही है। इस सीरीज के लिए सबसे बड़ी चर्चा के केंद्र में 15 वर्षीय वंडर बॉय वैभव सूर्यवंशी हैं। हालांकि, कल वे डेब्यू करेंगे या नहीं करेंगे इसको लेकर बड़ा संशय खड़ा हो गया है क्योंकि भारतीय बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने एक बयान ने खलबली मचा दी है। सितांशु कोटक ने कहा है कि मुझे लगता है कि वैभव को मौका देना उस प्लेयर के साथ नाइंसाफी होगी जो पहले से ही रन बना रहा है और टीम में बना हुआ है।
उन्हें मौका देने के लिए किसी को बाहर करना नाइंसाफी
भारतीय बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए वैभव सूर्यवंशी के बारे में कहा कि "उन्हें मौका ज़रूर मिलेगा, लेकिन मुझे नहीं लगता कि सिर्फ उन्हें मौका देने के लिए हमें किसी ऐसे खिलाड़ी को बाहर करना चाहिए जो लगातार रन बना रहा है। ऐसा करना उनके साथ नाइंसाफ़ी होगी।" हालांकि, उन्होंने शुरुआती सवालों के जवाब देते हुए यह भी कहा कि हो सकता है वैभव सूर्यवंशी को पहले ही मैच में मौका मिल जाए। या यह भी हो सकता है कि उन्हें इंतजार करना पड़े। उन्होंने कहा कि वैभव खेलेगा या नहीं इसका फैसला शाम के समय टीम को डिसाइड करते वक्त गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर लेंगे।
वैभव की प्रतिभा की तारीफ की, अंतिम फैसला गंभीर-अय्यर करेंगे
कोटक ने वैभव सूर्यवंशी के टैलेंट की तारीफ करते हुए कहा कि वह खिलाड़ी स्पेशल है और इसीलिए चयनित हुआ है। जिस तरीके से वह बल्लेबाजी कर रहा है। आईपीएल में उसने प्रदर्शन किया है, वह वाकई शानदार है। उन्होंने कहा कि मैं वैभव के साथ आज से नहीं बल्कि अंडर-19 टीम में भी उनके साथ था और उन्हें बहुत क्लोजली जानता हूं। बता दें कि वैभव सूर्यवंशी को लेकर तमाम क्रिकेट प्रशंसक आयरलैंड सीरीज देखने के लिए बेताब हैं। ऐसे में वह डेब्यू करेंगे या नहीं करेंगे यह बड़ा सवाल है। फिलहाल, भारतीय टीम के बैटिंग कोच ने इस सवालिया निशान को और बड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि वैभव सूर्यवंशी पर पहली बार भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी कर रहे श्रेयस अय्यर और गंभीर कोच क्या फैसला लेते हैं। उन्हें इंतजार करना पड़ता है या जल्द ही डेब्यू हो सकता है।
बता दें कि आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 700 से अधिक रन बनाए थे और उन्हें ऑरेंज कैप और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया था। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने वैभव को भारतीय सीनियर टीम में इंग्लैंड और आयरलैंड सीरीज के लिए रखा है।
ृ
लेखक के बारे में
Vimlesh Kumar Bhurtiyaविमलेश कुमार भुर्तिया (Vimlesh Kumar Bhurtiya): खेल पत्रकार
संक्षिप्त विवरण
विमलेश कुमार भुर्तिया पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: विमलेश कुमार भुर्तिया भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक उभरता हुआ नाम हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पिछले चार वर्षों से वह इसी संस्थान से जुड़े हुए हैं और डिजिटल मीडिया की गतिशीलता, कार्यशैली और प्रकृति को समझने का प्रयास किया है। उनका मानना है कि पाठक किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म की रीढ़ होता है ऐसे में उनके हितों को ध्यान में रखते हुए खबरों का प्रकाशन होना चाहिए। यह पत्रकारिता को जीवंत रखता है और जर्नलिज्म का मूल गुण भी यही है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
विमलेश ने भारत के सबसे प्रतिष्ठित पत्रकारिता संस्थान से अपनी शिक्षा ग्रहण की है। वे 2021-22 बैच के भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली के छात्र रहे हैं। उन्होंने इस नामी संस्थान से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा किया है। इसके बाद उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में ही मास्टर्स यानी (M.A) की डिग्री भी हासिल की है। इन्होंने अपना ग्रेजुएशन मध्य प्रदेश के नामचीन साइंस कॉलेजों में से एक होलकर साइंस कॉलेज से किया है। ग्रेजुएशन के दूसरे साल से ही विमलेश की दिलचस्पी साहित्य और पत्रकारिता की ओर जागृत होने लगी थी। यही कारण था कि ग्रेजुएशन के दिनों में ही उन्होंने दैनिक चैतन्यलोक नामक इंदौर की क्षेत्रीय पत्रिका में काम करना शुरू कर दिया। कुछ महीनों बाद उन्होंने दैनिक भास्कर में बतौर कॉपी एडिटर ट्रेनिंग ली। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग से मास मीडिया में इंटर्नशिप की। विमलेश कुमार भुर्तिया को कंप्यूटर का भी अच्छा ज्ञान है। उन्होंने भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय से कंप्यूटर एप्लीकेशन में डिप्लोमा किया है।
खेल पत्रकारिता और पत्रकारिता का उद्देश्य
विमलेश खेल से जुड़ी तमाम तरह की स्टोरीज पाठकों तक पहुंचाते हैं, जिनमें तथ्यों की स्पष्टता होती है और सकारात्मक विश्लेषण भी शामिल होता है। ये क्रिकेट की दुनिया का अच्छा ज्ञान रखते हैं और राजनीति में गहरी दिलचस्पी है। राजनीति और क्रिकेट में घट रही घटनाओं का विश्लेषण करना उनकी तह तक जाना विमलेश को पसंद है। उनका मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी तथ्यपरकता (Fact-checking) है। चाहे वह चकाचौंध से भरा क्रिकेट जगत हो या अन्य खेल और खिलाड़ियों का जीवन। बतौर खेल पत्रकार यह कसौटी हर वक्त बनी रहनी चाहिए कि लेखन हमेशा प्रमाणिक हो। उनकी रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचित करना है, बल्कि उन्हें सही और सुरक्षित जानकारी के माध्यम से सशक्त बनाना भी है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सूचना, शिक्षा और मनोरंजन होता है और इन्हीं उद्देश्यों को पूरा करना एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।



