
U19 वर्ल्ड कप फाइनल: वैभव सूर्यवंशी का बल्ला ऐसा गरजा कि ध्वस्त हो गए कई कीर्तिमान, रिकॉर्ड की पूरी लिस्ट
पूरे U19 वर्ल्ड कप में शतक लगाने से वंचित रहने वाले इस वैभव सूर्यवंशी ने इसके लिए मौका चुना भी तो इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल को। सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन ठोक डाले। 15 चौके और इतने ही छक्के। 218.75 का स्ट्राइक रेट। वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस तूफानी पारी से कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
वंडर बॉय वैभव सूर्यवंशी ने अंडर19 वर्ल्ड कप के फाइनल में बल्ले से ऐसा धमाका किया है जिसके किस्से सालों तक सुनाए जाएंगे। गुनगुनाए जाएंगे। ऐसी पारी जो यूथ वनडे के इतिहास में अमर हो चुकी है। 14-15 बरस की कच्ची उमर का ये धाकड़ खिलाड़ी और अंडर19 वर्ल्ड कप के फाइनल का बहुत बड़ा मंच। पूरे टूर्नामेंट में शतक लगाने से वंचित रहने वाले इस खिलाड़ी ने शतक के लिए चुना भी तो इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल को। सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन ठोक डाले। 15 चौके और इतने ही छक्के। 218.75 का स्ट्राइक रेट। वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस तूफानी पारी से कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। भारत ने फाइनल में 100 रनों के विशाल अंतर से जीत हासिल कर अंडर 19 वर्ल्ड कप अपने नाम किया है।
वैभव सूर्यवंशी के 175 रन, कप्तान आयुष म्हात्रे के 53 रन, अभिज्ञान कुंडू के 40 और आखिर में कनिष्क चौहान के नाबाद 37 रनों की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रनों का पहाड़ खड़ा किया। भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 411 रनों का अंबार खड़ा किया और हमारे गेंदबाजों ने इंग्लैंड को 311 रनों पर समेटकर 100 रनों के अंतर से भारत को अंडर 19 का विश्व चैंपियन बना दिया।
अंडर19 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक
वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में सिर्फ 55 गेंदों में शतक पूरा किया। ये अंडर 19 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। ऑस्ट्रेलिया के विल मलाजकज्क ने इसी वर्ल्ड कप में जापान के खिलाफ मैच में सिर्फ 51 गेंद में शतक जड़ा था।
अंडर19 वर्ल्ड कप फाइनल में किसी खिलाड़ी का सर्वोच्च स्कोर
वैभव सूर्यवंशी की ये पारी वर्ल्ड कप के इतिहास में फाइनल में खेली गई किसी भी बल्लेबाज की अब तक की सबसे बड़ी पारी है। उन्होंने 175 रन बनाए। इससे पहले ये रिकॉर्ड भारत के ही उन्मुक्त चंद के नाम था जिन्होंने 2012 के अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में नाबाद 111 रन की पारी खेली थी।
अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाला सबसे युवा खिलाड़ी
वैभव सूर्यवंशी अंडर वर्ल्ड कप के इतिहास में फाइनल मुकाबले में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 14 वर्ष और 316 दिन की उम्र में ये शतक जड़ा।
100+ स्ट्राइक रेट से U19 वर्ल्ड कप में 4 फिफ्टी+ पारी खेलने वाले पहले बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी की इस अंडर19 वर्ल्ड कप में ये चौथी फिफ्टी प्लस पारी थी और इन सभी पारियों में उनका स्ट्राइक रेट 100 से ऊपर का रहा है। अंडर19 वर्ल्ड कप इतिहास में ऐसा करने वाले वह पहले बल्लेबाज हैं।
अंडर19 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर19 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेली है। इससे पहले ये रिकॉर्ड राज बावा के नाम था जिन्होंने 2022 के अंडर 19 वर्ल्ड कप में यूगांडा के खिलाफ नाबाद 162 रन की पारी खेली थी।
यूथ ओडीआई में किसी भारतीय का दूसरा सर्वोच्च स्कोर
वैभव सूर्यवंशी की 175 रन की ये पारी यूथ ओडीआई में किसी भी भारतीय की खेली गई दूसरी सबसे बड़ी पारी है। सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड अंबाती रायुडू के नाम है जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड के ही खिलाफ 177 रन बनाए थे।
किसी यूथ ओडीआई में किसी खिलाड़ी के सबसे ज्यादा सिक्स
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान 15 छक्के जड़े। ये अंडर19 वर्ल्ड कप इतिहास ही नहीं, यूथ ओडीआई के इतिहास में भी किसी भी मैच में किसी एक खिलाड़ी की तरफ से जड़े गए सबसे ज्यादा सिक्स हैं। सूर्यवंशी ने अपने ही रिकॉर्ड में सुधार किया है। इससे पहले भी ये रिकॉर्ड उनके ही नाम था जब उन्होंने पिछले साल दिसंबर में यूएई के खिलाफ मैच में 14 छक्के जड़े थे।
किसी यूथ ओडीआई में बाउंड्री के जरिए सबसे ज्यादा रन
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान 150 रन तो सिर्फ चौकों और छक्कों से बनाए हैं। उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के जड़े। ये किसी भी यूथ ओडीआई में किसी बल्लेबाज द्वारा बाउंड्री के जरिए बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड हसिता बोयागोडा के नाम था जिन्होंने 2018 में केन्या के खिलाफ 191 रन की अपनी पारी के दौरान 124 रन चौकों-छक्कों से जुटाए थे।
किसी एक मैच में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बाउंड्री
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान 30 बाउंड्री लगाई जो यूथ ओडीआई के किसी भी मैच में किसी बल्लेबाज के संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बाउंड्री है। हषिता बोयागोडा ने भी 2018 में अपनी 191 रन की पारी के दौरान 30 बाउंड्री लगाई थी। उन्होंने 28 चौके और 2 छक्के जड़े थे।
यूथ ओडीआई में सबसे तेज 150 रन
वैभव सूर्यवंशी ने 71 गेंदों में 150 रन पूरे किए। ये यूथ ओडीआई में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज 150 रन का रिकॉर्ड है। इस मामले में उन्होंने अपने ही 84 गेंद में 150 रन के रिकॉर्ड को और बेहतर किया है जो उन्होंने अंडर 19 एशिया कप में यूएई के खिलाफ बनाया था।






