U-19 WC: भारत के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी के कहर से बचने की दुआ मांग रहा होगा बांग्लादेश
पहले मैच में आत्मविश्वास से भरी जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम शनिवार को बुलावायो में आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के अपने दूसरे मैच में बांग्लादेश की कड़ी चुनौती के बावजूद जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी।
पहले मैच में आत्मविश्वास से भरी जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम शनिवार को बुलावायो में आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के अपने दूसरे मैच में बांग्लादेश की कड़ी चुनौती के बावजूद जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी।
पांच बार की चैंपियन भारत ने बारिश से प्रभावित मैच में अमेरिका को केवल 107 रन पर आउट करके छह विकेट से जीत दर्ज करके अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने सात ओवरों में 16 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि अन्य गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
भारतीय बल्लेबाजी क्रम में कई स्टार खिलाड़ी शामिल हैं। उसके बल्लेबाज बांग्लादेश के खिलाफ क्रीज पर लंबा समय बिताने की उम्मीद करेंगे क्योंकि अमेरिका के खिलाफ उन्हें खेलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। बांग्लादेश को कमजोर नहीं आंका जा सकता है और उसकी टीम आयुष म्हात्रे के नेतृत्व वाली टीम के सामने कड़ी चुनौती पेश कर सकती है।
म्हात्रे और 14 वर्षीय सनसनी वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी एक बार फिर उप कप्तान विहान मल्होत्रा, ऑलराउंडर आरोन जॉर्ज और वेदांत त्रिवेदी और विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू के साथ मिलकर बल्लेबाजी विभाग का जिम्मा संभालेंगे।
डी दीपेश, आरएस अंबरीश, हेनिल पटेल, किशन कुमार सिंह और उद्धव मोहन के रूप में टीम के पास तेज गेंदबाजी के अच्छे विकल्प हैं, जबकि कनिष्क चौहान, खिलन पटेल और मोहम्मद एनान जैसे खिलाड़ी स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
यह टूर्नामेंट 1988 में शुरू हुआ था और भारतीय टीम ने इसमें अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है।
पिछले एक साल में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में श्रृंखला जीतने से लेकर टीम ने अब तक हर प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया है। अमेरिका के खिलाफ जीत पिछले 17 मैचों में भारत की 14वीं जीत थी। टीम को भरोसा है कि वह अपने अगले प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ भी इस बेहतरीन फॉर्म को बरकरार रखेगी।
जहां तक बांग्लादेश की बात है तो उसके पास कप्तान अजीजुल हकीम के रूप में अनुभवी खिलाड़ी हैं। जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में उनके नेतृत्व क्षमता की भी परीक्षा होगी।
हकीम उप कप्तान ज़ावद अबरार के साथ बांग्लादेश की बल्लेबाजी की अगुवाई करेंगे। अंडर-19 स्तर पर दोनों बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने 2024 में खेले गए पिछले टूर्नामेंट के बाद से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। बांग्लादेश के पास एक अन्य बल्लेबाज कलाम सिद्दीकी भी है जिन्होंने अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखी है।
बांग्लादेश के पास मजबूत गेंदबाजी आक्रमण भी है। उसके तेज गेंदबाज इकबाल हुसैन और अल फहद को जिम्बाब्वे की तेज गेंदबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों में भरपूर सहयोग मिलने की उम्मीद है।
इन दोनों गेंदबाज ने पिछले अंडर-19 विश्व कप के बाद से क्रमशः 45 और 43 विकेट लिए हैं। बाएं हाथ के स्पिनर समीउन बसीर भी उनसे कुछ ही पीछे हैं। उन्होंने इस अवधि में 29 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट चार से कम है।
टीम इस प्रकार हैं:
भारत: आयुष म्हात्रे (कप्तान), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी दीपेश, मोहम्मद एनान, एरोन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उधव मोहन, हेनिल पटेल, खिलन ए पटेल, हरवंश सिंह, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी।
बांग्लादेश: अजीजुल हकीम तमीम (कप्तान), जवाद अबरार, समिउन बसीर रतुल, शेख परवेज जिबोन, रिज़ान होसन, शहरिया अल अमीन, शादीन इस्लाम, मोहम्मद अब्दुल्ला, फरीद हसन फैसल, कलाम सिद्दीकी अलीन, रिफत बेग, साद इस्लाम रजिन, अल फहद, शहरयार अहमद, इकबाल हुसैन। रिजर्व: अब्दुर रहीम, देबाशीष सरकार देबा, रफी उज्जमां रफी, फरहान शहरियार, फरजान अहमद अलीफ, संजीद मजूमदार, एमडी सोबुज।
मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1.00 बजे शुरू होगा।

लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें




