
ICC वनडे रैंकिंग में हिले दो सिंहासन, राशिद और उमरजई बने नंबर-1; खतरे में गिल की बादशाहत
संक्षेप: Latest ICC ODI Rankings: अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान और ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बन गए हैं। वहीं, भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल की बादशाहत खतरे में पड़ गई है।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को पुरुष वनडे खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की है। आईसीसी वनडे रैंकिंग में दो सिंहासन हिल गए हैं। अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान फिर से नंबर-1 वनडे गेंदबाज बन गए हैं। उनके खाते में फिलहाल 710 रेटिंग अंक हैं। राशिद ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में कातिलाना गेंदबाजी की, जिसमें अफगानिस्तान ने क्लीन स्वीप किया। उन्होंने 11 विकेट चटकाने के बाद पांच स्थान की छलांग लगाकर केशव महाराज को शीर्ष से हटाया। साउथ अफ्रीका के स्पिनर महाराज (680) दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई दोबारा नंबर-1 वनडे ऑलराउंडर बन गए हैं। उन्होंने बांग्लादेश सीरीज में 60 रन बनाने के अलावा सात विकेट चटकाए। उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ। उमरजई ने जिम्बाब्वे के अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा को पछाड़कर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया। उमरजई के 334 जबकि रजा के 302 अंक हैं। राशिद ने ऑलराउंडर रैंकिंग में भी सुधार किया है। वह दो स्थान ऊपर चढ़कर चौथे पर पहुंच गए हैं। यहां उनके खाते में 257 अंक हैं। टॉप-10 में रवींद्र जडेजा एकमात्र भारतीय ऑलराउंडर हैं। जडेजा 220 अंकों के साथ नौवें नंबर पर हैं।
वहीं, बल्लेबाजों की सूची में शुभमन गिल की बादशाहत खतरे में पड़ गई है। गिल 784 अंकों के साथ नंबर-1 वनडे बल्लेबाज हैं लेकिन अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान उनके करीब आ गए हैं। जादरान (764 अंक) आठ स्थानों की छलांग लगाकर दूसरे पायदान पर पहुंचे हैं। वह बांग्लादेश के खिलाफ प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए थे। उन्होंने अबू धाबी में आोजित तीन वनडे मैचों में कुल 213 रन बनाए। जादरान दो बार नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए। अफगानिस्तान ने ने पहली बार बांग्लादेश का सूपड़ा साफ किया है। यह 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले अफगानिस्तान टीम के लिए अच्छा संकेत है।
भारत ने हाल ही में वेस्टइंडीज का टेस्ट सीरीज में 2-0 से सूपड़ा साफ किया। ताजा टेस्ट रैंकिंग में भारत और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को लाभ मिला है। युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल दो पायदान ऊपर चढ़कर टेस्ट बल्लेबाज की सूची में पांचवें पर पहुंच गए हैं। वेस्टइंडीज के शाई होप (34 पायदान ऊपर 66वें पर) और जॉन कैंपबेल (छह पायदान ऊपर 68वें पर) की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। स्पिनर कुलदीप यादव सात पायदान चढ़कर टेस्ट गेंदबाजों की सूची में 14वें पर आ गए हैं। जोमेल वारिकन दो पायदान ऊपर 30वें पर चल गए हैं।






