द हंड्रेड में बिके दो पाकिस्तानी क्रिकेटर, एक फ्रेंचाइजी का भारत से कनेक्शन; पहली बार हुआ ऐसा
Sunrisers Leeds sign Abrar Ahmed: द हंड्रेड ऑक्शन 2026 में दो पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खरीदार मिले। स्पिनर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स ने अपने साथ जोड़ा।

इंग्लैंड में आयोजित होने वाले द हंड्रेड टूर्नामेंट के लिए गुरुवार को पुरुष खिलाड़ियों की नीलामी हुई। द हंड्रेड ऑक्शन 2026 में दो पाकिस्तानी खिलाड़ियों- अबरार अहमद और उस्मान तारिक को खरीदार मिले। स्पिनर अबरार को जिस फ्रेंचाइजी ने लिया, उसका भारत से कनेक्शन है। चेन्नई के मीडिया ग्रुप सन ग्रुप के स्वामित्व वाली सनराइजर्स लीड्स ने अबरार को 190000 पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में अपने साथ जोड़ा। ट्रेंट रॉकेट्स के साथ बोली लगाने की होड़ के बाद सनराइजर्स लीड्स ने बाजी मारी। अबरार टूर्नामेंट में किसी भारतीय के मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजी द्वारा करार किए जाने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं।
इन बातों पर लग गया विराम
27 वर्षीय अबरार ने पाकिस्तान की ओर से 10 टेस्ट, 15 वनडे और 38 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। अबरार के खरीदे जाने से उन बातों पर भी विराम लग गया कि द हंड्रेड में भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए बोली नहीं लगाएंगी। सन ग्रुप आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद का भी मालिक है। उसने पिछले साल पहले के नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स का टेकओवर किया था। सनराइजर्स की मुख्य कार्यकारी अधिकारी काव्या मारन नीलामी में शामिल हुईं। उनकी एसए20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप की टीम भी है लेकिन उनके पास इस टीम में कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं है।
उस्मान को इतने करोड़ रुपये
अबरार नीलामी के दौरान बिकने वाले दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी थे। उनसे पहले मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक पर बोली लगी। उस्मान को बर्मिंघम फीनिक्स ने 140,000 पाउंड (लगभग 1.72 करोड़ रुपये) में खरीदा। उन्होंने सिर्फ 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। यह पहला साल है जब द हंड्रेड में कॉम्पिटिशन ड्राफ्ट के बजाय ऑक्शन हुआ। टूर्नामेंट 21 जुलाई से 16 अगस्त तक खेला जाएगा। आठ फ्रेंचाइजी में से चार सनराइजर्स लीड्स (सन ग्रुप), मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (आरपीएसजी ग्रुप), एमआई लंदन (रिलायंस) और सदर्न ब्रेव (जीएमआर) के मालिक आईपीएल के टीमों के मालिक भी हैं। पिछले साल द हंड्रेड की किसी भी टीम का मालिक भारतीय नहीं था, उसके बावजूद टूर्नामेंट के लिए केवल दो पाकिस्तानी खिलाड़ियों को चुना गया था।
5 सीजन में सिर्फ 9 पाकिस्तानी
द हंड्रेड टूर्नामेंट के पहले पांच सीजन में पाकिस्तान के केवल नौ खिलाड़ी ही खेल पाए। पाकिस्तान का कोई भी खिलाड़ी नवंबर 2008 के आतंकी हमले के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में नहीं खेला है। एसए20 के 2023 में शुरू होने के बाद कोई भी पाकिस्तानी क्रिकेटर उसका हिस्सा नहीं रहा। इस टूर्नामेंट की सभी छह फ्रेंचाइजी का स्वामित्व भारतीयों के पास है। इसी तरह से यूएई के आईएलटी20 में एमआई लंदन और सदर्न ब्रेव के मालिकों के स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी ने चार सत्र में एक भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को अनुबंधित नहीं किया।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



