तुषार देशपांडे ने रणजी ट्रॉफी में छोड़ी अपनी छाप, हैट्रिक लेकर मुंबई के लिए रचा इतिहास
तुषार देशपांडे ने रणजी ट्रॉफी में अपनी धमक दिखाई। उन्होंने हैट्रिक लेकर मुंबई का काम आसान कर दिया। मुंबई की टीम चंडीगढ़ के खिलाफ नए सीजन का अपना पहला मैच खेल रही है।

रणजी ट्रॉफी के सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली मुंबई की टीम की शुरुआत इस टूर्नामेंट के नए सीजन में शानदार रही है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में जारी मुकाबले में मुंबई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले तो 429 रन बनाए और फिर मेहमान टीम चंडीगढ़ के होश तुषार देशपांडे ने उड़ा दिए। 37 रन पर ही 7 विकेट चंडीगढ़ ने खो दिए, जिसमें तुषार देशपांडे का कहर देखने को मिला, जिन्होंने एक शानदार हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया है। वे मुंबई के छठे ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने रणजी ट्रॉफी में हैट्रिक ली है।
तुषार देशपांडे ने इस मैच में अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी चंडीगढ़ की टीम को सातवें ओवर में पहला झटका दिया। इसके बाद उन्होंने अपने कातिलाना गेंदबाजी जारी रखी और 11वें ओवर में तो उन्होंने एक के बाद एक लगातार तीन गेंदों पर तीन बल्लेबाजों को चलता किया और अपनी हैट्रिक पूरी की। 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर तुषार देशपांडे ने अर्जुन आजाद को चलता किया। अगली गेंद पर शुभम भांबरी को आउट किया और फिर पांचवीं गेंद पर दिपेंदर कुश को आउट किया और हैट्रिक अपने नाम की।
मुंबई के इस खिलाड़ी ने सिर्फ गेंदबाजी में योगदान नहीं दिया, बल्कि बल्ले से भी कमाल की पारी टीम के लिए खेली। नंबर 9 पर उतरकर तुषार देशपांडे ने 47 गेंदों में 44 रन बनाए और इस तरह टीम 400 के पार पहुंचने में सफल रही। वहीं, जब गेंदबाजी के लिए उतरे तो अपने पहले सात ओवरों में ही पंजा खोल दिया। आसानी से वे कुछ और विकेट इस मैच में निकाल सकते हैं। हालांकि, कप्तान ने अभी उन्हें रेस्ट दिया है, लेकिन जल्द ही वे दूसरे स्पेल के लिए लौट सकते हैं।
तुषार देशपांडे ने अब तक खेले 49 फर्स्ट क्लास मैचों की 83 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 134 विकेट निकाले हैं। एक पारी में 70 रन देकर 6 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन है, जबकि मैच में बेस्ट उनका 9/99 है। उन्होंने 6 बार 4 विकेट हॉल और 5 बार फाइव विकेट हॉल प्राप्त किया है। भारतीय टीम को ऐसे गेंदबाज की तलाश है, जो पैट कमिंस जैसी भूमिका निभाए। पैट कमिंस गेंदबाजी के साथ-साथ थोड़ी बहुत बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। अगर उन्होंने अपनी इस परफॉर्मेंस को आगे भी बैट और बॉल से जारी रखा तो निश्चित तौर पर वह भारत की टेस्ट टीम में आने की दावेदारी ठोक सकते हैं, जहां वे 8 और 9वें नंबर पर आकर कुछ रन बनाकर टीम को मजबूती दे सकते हैं।


