ये हैं साउथ अफ्रीका से हार के टीम इंडिया के 5 'गुनहगार', ईशान किशन ने तो दिल ही तोड़ डाला
South Africa vs India: भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। डिफेंडिंग चैंपियन भारत 188 रनों का टारगेट चेज नहीं कर सका। यह सुपर-8 राउंड में भारत का पहला मैच था।

भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने पहले सुपर-8 मैच में साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी। साउथ अफ्रीका ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 188 का टारगेट देने के बाद भारत को 18.5 ओवर में 111 रनों पर समेट दिया। डिफेंडिंग चैंपियन भारत के पांच खिलाड़ी दहाई अंक में नहीं पहुंचे। शिवम दुबे ने 37 गेंदों में 42 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली। साउथ अफ्रीका की ओर से तेज गेंदबाज मार्को यान्सेन ने चार जबकि स्पिनर केशव महाराज ने तीन विकेट चटकाए। जानिए, साउथ अफ्रीका से हार के टीम इंडिया के 5 'गुनहगार' कौन हैं?
ईशान किशन
विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने तो साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय फैंस का दिल ही तोड़ डाला। शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान से भारत को तूफानी आगाज की उम्मीद थी मगर वह खाता तक नहीं खोल पाए। वह चार गेंद खेलकर डक का शिकार हुए, जिससे भारत की चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का सामने खराब शुरुआत हुई। ईशान को पहले ओवर में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने रयान रिकेल्टन को कैच कराया।
अभिषेक शर्मा
पिछली तीन पारियों में शून्य पर पवेलियन लौटने वाले ओपनर अभिषेक शर्मा एक बार फिर बेअसर रहे। ताबड़तोड़ बैटिंग के लिए मशहूर अभिषेक का खाता खुला मगर सस्ते में आउट हो गए। उन्होंने 12 गेंदों में 15 रन जुटाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल है। अभिषेक को यान्सेन ने पांचवे ओवर में कॉर्बिन बॉश के हाथों लपकवाया। वह खराब शुरुआत के बावजूद धीरज दिखाने को तैयार नहीं थे।
वॉशिंगटन सुंदर
ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने भी निराश किया। वह पांचवे नंबर पर आए लेकिन 11 गेंदों में 11 रन ही जुटा सके। उनके बल्ले से एक छक्का निकला। उन्हें बॉश ने आठवें ओवर में अपना शिकार बनाया। भारत ने उपकप्तान अक्षर पटेल पर सुंदर को तरजीह दी लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। सुंदर गेंद से भी कुछ खास नहीं कमाल नहीं दिखा सके। उन्होंने दो ओवर गेंदबाजी की मगर 17 रन खर्च करने के बाद कोई विकेट नहीं लिया।
हार्दिक पांड्या
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी फुस्स रहे। वह ना सिर्फ गेंद से महंगे रहे बल्कि बल्ले से भी जूझते हुए नजर आए। उन्होंने चार ओवर के स्पेल में 45 रन दिए और कोई सफलता हाथ नहीं लगी। वहीं, हार्दिक ने 17 गेंदों में एक छक्के की बदौलत 18 रन बटोरे। वह जब बैटिंग करने उतरे तब भारत का स्कोर 51/5 रन था। हार्दिक भारत की ओर से आउट होने वाले छठे खिलाड़ी थे। उन्हें महराज ने 15वें ओवर में पवेलियन की राह दिखाई।
वरुण चक्रवर्ती
'मिस्ट्री स्पिनर' वरुण चक्रवर्ती बेहद फीके साबित हुए है। वह भारत बनाम साउथ अफ्रीका मैच में सबसे महंगे गेंदबाज रहे। चक्रवर्ती ने चार ओवर डाले और 47 रन लुटाए। उन्हें डेविड मिलर (35 गेंदों में 63) के रूप में एकमात्र विकेट मिला। मिलर के अर्धशतक के दम पर साउथ अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 187 रन जोड़े। डेवाल्ड ब्रेविस (29 गेंदों में 45) और ट्रिस्टन स्ट्बस (24 गेंदों में नाबाद 44) ने भी भारतीय गेंदबाजों की बखिया उधेड़ी।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



