
ये हैं इंदौर वनडे में टीम इंडिया की हार के 5 'गुनहगार', रोहित शर्मा ने तो दिल ही तोड़ दिया
IND vs NZ: भारत ने न्यूजीलैंड के हाथों वनडे सीरीज गंवा दी। टीम इंडिया इंदौर के मैदान प 338 का टारगेट चेज नहीं कर सकी। विराट कोहली के शतक पर पानी फिर गया।
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-2 से गंवा दी। न्यूजीलैंड ने रविवार को इंदौर में आयोजित निर्णायक वनडे में 41 रनों से जीत हासिल की। न्यूजीलैंड ने 338 का टारगेट देने के बाद भारत को 46 ओवर में 296 रनों पर समेट दिया। विराट कोहली (108 गेंदों में 124) के शतक पर पानी फिर गया। न्यूजीलैंड ने भारत में पहली बार वनडे सीरीज जीती है। जानिए, इंदौर वनडे में टीम इंडिया की हार के 5 'गुनहगार' कौन हैं?
रोहित शर्मा फिर हुए फ्लॉप
बड़ा लक्ष्य मिलने के बाद भारत को रोहित शर्मा से शानदार पारी की उम्मीद दी थी लेकिन उन्होंने फैंस को दिल तोड़ दिया। 'हिटमैन' ने 13 गेंदों में महज 11 रन बनाए, जिसमें दो चौके हैं। 38 वर्षीय दिग्गज को जकारी फाउल्केस ने चौथे ओवर में पवेलियन की राह दिखाई। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ अच्छी लय में नजर आने वाले रोहित न्यूजीलैंड सीरीज में फ्लॉप रहे। वह तीन मैचों में सिर्फ 61 रन ही बना सके।
कप्तान शुभमन भी नहीं टिके
शुभमन गिल भी ज्यादा देर नहीं टिके। पिछले दो मैचों में अर्धशतक ठोकने वाले भारतीय कप्तान ने 23 रनों का योगदान दिया। उन्होंने 18 गेंदों का सामना करने के बाद चार चौके लगाए। गिल को काइल जैमीसन ने सातवें ओवर में बोल्ड किया। उन्होंने रोहित के साथ पहले विकेट के लिए 28 और कोहली के संग दूसरे विकेट के लिए 17 रनों की साझेदारी की।
श्रेयस अय्यर दोबारा हुए फुस्स
उपकप्तान श्रेयस अय्यर दोबारा फुस्स हो गए। मध्यक्रम के बल्लेबाज ने 10 गेंदे खेलने के बाद सिर्फ तीन रन जुटाए। उन्हें क्रिस्टियन क्लार्क ने 12वें ओवर में अपने जाल में फंसाया। अय्यर पिछले मैच में भी दहाई अंक में नहीं पहुंच सके थे। उनके बल्ले से राजकोट में 8 रन निकले थे। उन्होंने पहले वनडे में 49 रनों की पारी खेली थी।
ऑलराउंडर जडेजा ने किया हैरान
भारत के 159 रन पर पांच विकेट गिर गए थे, जिसके बाद सभी की रवींद्र जडेजा पर नजरें थीं। हालांकि, अनुभवी ऑलराउंडर जडेजा का बल्ला नहीं चला। उन्होंने 16 गेंदों में 12 रन बटोरे। वह 33वें ओवर में जेडन लेनोक्स का शिकार बने। जडेजा के सस्ते में आउट होने से जो दबाव पड़ा, भारतीय टीम उससे उबर नहीं सकी। उन्होंने न्यूजीलैंड सीरीज में हैरान किया। वह गेंद और बल्ले से छाप नहीं छोड़ सके। उन्होंने तीन मैचों में एक भी विकेट नहीं लिया। उन्होंने इंदौर में छह ओवर गेंदबाजी करते हुए 41 रन लुटाए और खाली हाथ रहे।
कुलदीप उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे
कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव इंदौर वनडे में भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने मिडिल ओवर्स में भारत को सफलता नहीं दिलाई, जिससे न्यूजीलैंड 337/8 का मजबूत स्कोर खड़ा करने में कामयाब रहा। कुलदीप ने छह ओवर में 48 रन खर्च किए और मिचेल हे (2) के रूप में एकमात्र सफलता 46वें ओवर में मिली। उन्होंने पूरी सीरीज में केवल तीन विकेट हासिल किए।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





