एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले टॉप 5 कप्तान, धोनी से लेकर रोहित पर भारी पड़ा विदेशी
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक सीजन में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच जीतने वालों की टॉप 5 लिस्ट में तीन भारतीय हैं। हालांकि, एमएस धोनी और रोहित शर्मा से आगे एक विदेशी दिग्गज है।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। आईपीएल 2026 की 28 मार्च से शुरुआत होने जा रही है। दिग्गज एमएस धोनी और रोहित शर्मा आईपीएल के सबसे सफल कप्तान हैं। दोनों ने पांच-पांच बार ट्रॉफी उठाई है। हालांकि, धोनी और रोहित पर एक लिस्ट में विदेशी दिग्गज भारी पड़ा है। दरअसल, आईपीएल के एक सीजन में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड किसी भारतीय नहीं बल्कि शेन वॉर्न के नाम दर्ज है। ऑस्ट्रेलिया के महान लेग स्पिनर वॉर्न की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने आईपीएल 2008 में 13 मैच जीते थे। आरआर आईपीएल के पहले सीजन में चैंपियन बनी थी। उसके बाद से राजस्थान टीम को कभी आईपीएल ट्रॉफी नसीब नहीं हुई।
एक आईपीएल सीजन में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच जीतने वालों की टॉप 5 लिस्ट में तीन भारतीय हैं। धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने आईपीएल 2013 में 12 मैचों में विजयी परचम फहराया था। चेन्नई को तब फाइनल में मुंबई इंडियंस (एमआई) के हाथों हार मिली थी। धोनी सीएसके की कप्तानी छोड़ चुके हैं। ऋतुराज गायकवाड़ आगामी सीजन में फिर सीएसके की कमान संभालते हुए नजर आएंगे। आईपीएल 2025 में गायकवाड़ के चोटिल होने के कारण धोनी को कई मैचों में बागडोर संभालनी पड़ी थी। वहीं, रोहित शर्मा के नेतृत्व में एमआई ने 2017 में आयोजित आईपीएल में 12 मैचों में जीत दर्ज की। मुंबई की टीम ने उस साल खिताब पर कब्जा जमाया था। रोहित ने 2023 तक एमआई की कप्तानी की। अब मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या हैं।
एक IPL सीजन में बतौर कप्तान ज्यादा जीत
13 - शेन वॉर्न (2008)
12 - एमएस धोनी (2013)
12 - जॉर्ज बेली (2014)
12 - गौतम गंभीर (2012)
12 - रोहित शर्मा (2017)
धोनी का सीएसके की तरफ से एक खिलाड़ी के रूप में 2026 अंतिम आईपीएल सीजन हो सकता है। जैसे-जैसे 19वां आईपीएल सीजन करीब आ रहा है, धोनी के संन्यास को लेकर चर्चाएं फिर से तेज हो गई हैं। सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को लेकर अपनी टीम से जुड़ा है जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि धोनी इस बार खेल के मैदान पर कम दिखेंगे और वह मेंटोर (मार्गदर्शक) की भूमिका निभा सकते हैं। यह 44 वर्षीय खिलाड़ी इस महीने की शुरुआत में चेन्नई में सीएसके शिविर में शामिल हो चुका है और अभ्यास कर रहा है। धोनी ने आईपीएल में अब तक 278 मैच खेले हैं और 5439 रन बनाए हैं। पिछले सीजन में उन्हें केवल डेथ ओवरों में ही बल्लेबाजी करते हुए देखा गया था। उन्होंने तब 13 पारियों में 196 रन बनाए थे।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



