
एक्टिव प्लेयर्स में सर्वाधिक शतक लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज, विराट कोहली टॉप पर; रूट औस स्मिथ भी लिस्ट में
जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 41वां शतक जड़ा, वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जो रूट के शतकों की संख्या 60 हो गई है। इन शतकों के साथ जो रूट इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव प्लेयर्स में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज हैं।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की एशेज सीरीज के पांचवें और आखिरी मैच में दिग्गज इंग्लिश बल्लेबाज जो रूट ने कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपना 41वां शतक जड़ा, वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जो रूट के शतकों की संख्या 60 हो गई है। इन शतकों के साथ जो रूट इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव प्लेयर्स में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रन मशीन के नाम से मशहूर विराट कोहली 84 अंतरराष्ट्रीय शतकों के साथ सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में पहले स्थान पर काबिज हैं। उन्होंने यह ऐतिहासिक मुकाम 556 मैचों की 623 पारियों में 52.58 की शानदार औसत के साथ हासिल किया है। कोहली न केवल शतकों के मामले में बल्कि रनों की गति और निरंतरता के मामले में भी दुनिया के अन्य बल्लेबाजों से काफी आगे निकल चुके हैं।
सक्रिय खिलाड़ियों में सर्वाधिक शतक लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों की सूची में विराट कोहली और जो रूट के बाद सूची में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 50 शतकों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट में 12 शतक लगाए हैं। टी-20 में उनके नाम 5 शतक हैं। दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में एक्टिव हैं और इस फॉर्मेट में उनके नाम 33 शतक हैं।
स्टीव स्मिथ और केन विलियमसन का नाम भी सूची में शामिल है। न्यूजीलैंड के केन विलियमसन और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ क्रमशः 48-48 शतकों के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर बने हुए हैं।
सर्वाधिक शतक लगाने वाले टॉप-5 एक्टिव प्लेयर्स की सूची
विराट कोहली (भारत)-84
जो रूट (इंग्लैंड)-60
रोहित शर्मा (भारत)-50
केन विलियमसन (न्यूजीलैंड)-48
स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया)-48
बता दें कि विराट कोहली की नजरें अब महान सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों के महारिकॉर्ड पर टिकी हैं। हालांकि सचिन अब भी इतिहास में सबसे आगे हैं, लेकिन सक्रिय खिलाड़ियों में कोहली ही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जो इस आंकड़े के सबसे करीब हैं। विराट कोहली इन दिनों शानदार फॉर्म से गुजर रहे हैं और उनसे उम्मीद लगाई जा रही है कि वे न्यूजीलैंड सीरीज में भी शतक जड़कर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड के और करीब होंगे।






