एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज, संजू सैमसन की किस्मत ने दिया धोखा

Mar 09, 2026 10:23 pm ISTMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share

संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे। उन्होंने भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। सैमसन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में कमाल की बल्लेबाजी की।

एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज, संजू सैमसन की किस्मत ने दिया धोखा

सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत टी20 वर्ल्ड कप 2026 चैंपियन बना है। भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा। सूर्या ब्रिगेड ने फाइनल में 255/5 का स्कोर बनाकर न्यूजीलैंड को 159 रनों पर समेटा। भारत लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली पुरुष टीम है। भारत को चैंपियन बनाने में संजू सैमसन ने अहम भूमिका निभाई। वह टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी रहे। अगर सैमसन की किस्मत ने धोखा नहीं दिया होता तो टूर्नामेंट के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेते। भारत ने 10वें संस्करण में 9 मैच खेले लेकिन सैमसन को सिर्फ पांच मैच में उतरने का मौका मिला।

संजू के लगातार तीन मैचों में 50 प्लस स्कोर

एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट में सैमसन तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पांच मैचों में जबरदस्त बैटिंग करते हुए 80.25 के औसत और 199.37 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। सैमसन ने लगातार तीन पचास प्लस स्कोर लगाए। सैमसन ने फाइनल में 46 गेंदों में 89 रनों की तूफानी खेली और भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने इंग्लैंड के विरुद्ध सेमीफाइनल में भी 89 रन बनाए थे। वहीं, वेस्टइंडीज के सामने सुपर-8 मैच में नाबाद 97 रनों की पारी खेली थी।

विराट कोहली से आगे निकले संजू सैमसन

सैमसन ने लिस्ट में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को चौथे स्थान पर खिसक दिया है। कोहली ने 2014 में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में 6 मैचों में 319 रन जोड़े थे। एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड साहिबजादा फरहान के नाम दर्ज है। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सात मुकाबलों में 383 रन बटोरे। उन्होंने दो शतक जमाए। फेहरिस्त में दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के ओपनर टिम सीफर्ट हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के दसवें संस्करण में 9 मैचों में 326 रन बनाए। सीफर्ट ने भारत के खिलाफ फाइनल में अर्धशतक लगाया था।

एक T20 WC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज

383 - साहिबजादा फरहान, 2026

326 - टिम सीफर्ट, 2026

321 - संजू सैमसन, 2026

319 - विराट कोहली, 2014

317 - तिलकरत्ने दिलशान, 2009

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप जीतकर रचा इतिहास

भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा है। भारत तीन बार यह ट्रॉफी जीतने वाली इकलौती टीम है। एमएस धोनी भारत के पहले टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हैं। उनकी अगुआई में भारत ने 2007 में पहला टूर्नामेंट जीता था। इसके बाद रोहित शर्मा के नेतृत्व में भारत ने 2024 में दूसरा खिताब जीता। धोनी और रोहित रविवार को फाइनल देखने के लिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम आए थे। इसके साथ ही तीन साल पहले इसी मैदान पर आस्ट्रेलिया से वनडे वर्ल्ड कप फाइनल हारने वाली रोहित की टीम के पुराने जख्मों पर भी मरहम लगा होगा।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।