'तिलक वर्मा जल्द ही भारतीय टीम के कप्तान भी बनेंगे', पूर्व चीफ सिलेक्टर ने चलाया तंज का तीर
India vs England: कृष्णमाचारी श्रीकांत ने तिलक वर्मा की कड़ी आलोचना की है। तिलक इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में जूझते हुए नजर आए। वह भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान हैं।

भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व चीफ सिलेक्टर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने उपकप्तान तिलक वर्मा पर तंज का तीर चलाया है। उन्होंने कहा कि तिलक जल्द ही भारतीय टी20 टीम के कप्तान बन जाएंगे। उन्होंने टीम में 23 वर्षीय बैटर की जगह पर सवाल उठाया है। तिलक ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में 11 गेंदों में सिर्फ 3 रन बनाए। उन्हें छठे नंबर पर भेजा गया जबकि अक्षर पटेल (4 गेंदों में 10) पांचवें नंबर उतरे। भारत को नॉटिंघम में 125 रनों से ऐतिहासिक हार झेलनी पड़ी। इंग्लैंड ने 201/7 का स्कोर बनाया और भारत की पारी 11.4 ओवर में 76 रनों पर ढेर हो गई। तिलक आयरलैंड के खिलाफ 55 रन की पारी को छोड़कर लगातार असफल रहे हैं। वह इंग्लैंड में अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। उन्होंने पहले मैच में 13 और दूसरे में नाबाद 24 रन जुटाए।
'तिलक वर्मा को ड्रॉप कर देना चाहिए'
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''तिलक वर्मा अभी उपकप्तान है और लगता है कि वह जल्द ही कप्तान भी बन जाएंगे। तिलक ने शायद खुद कहा है कि वह पेस और बाउंस देखकर बाहर नहीं निकलना चाहते। उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा है। मैं तो तिलक के बजाय संजू सैमसन को ही खिलाना पसंद करूंगा। आप तिलक को अपना मुख्य बल्लेबाज और उपकप्तान बनाते हैं। फिर आप उन्हें फास्ट बॉलिंग से क्यों बचा रहे हैं? वे उससे पहले अक्षर पटेल को भेज रहे। ऐसे में यह स्पष्ट है कि वे तिलक वर्मा को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। दरअसल, वे जानते हैं कि तिलक शॉर्ट पिच बॉलिंग के सामने कमजोर है। मैं लगातार कह रहा हूं कि तिलक को ड्रॉप कर देना चाहिए। लेकिन वे उसे ड्रॉप नहीं करते।''
इस फैसले को हास्यास्पद करार दिया
तेज गेंदबाज हर्षित राणा तीसरे टी20 में सातवें नंबर पर उतरे। उनहें शिवम दुबे से पहले बल्लेबाजी के लिए उतारा गया था। हर्षित ने 13 गेंदों में 9 जबकि आठवें नंबर पर आए दुबे ने चार गेंदों में दो रन बनाए। श्रीकांत ने टीम मैनेजमेंट के इस फैसले को हास्यास्पद करार दिया। उन्होंने कहा, ''हर्षित राणा को शिवम दुबे से पहले भेजा गया। थिंकटैंक क्या हरकतें कर रहा है? हम जानते हैं कि शिवम दुबे पेस और बाउंस होने पर खेल नहीं पाता। ऐसा लग रहा था कि जैसे ही उसने पिच देखी, वह खुशी-खुशी आउट होकर बच निकला। दुबे तभी कुछ कर सकता है जब कोई स्पिनर फ्लैट ट्रैक पर स्लॉट में स्लो बॉल डाले। जोफ्रा आर्चर उसे बॉल करते समय हंस रहा था।'' भारत पांच मैचों की सीरीज में फिलहाल 0-2 से पीछे है। पहला मैच बारिश में धुल गया था। गुरुवार को चौथा टी20 ब्रिस्टल में खेला जाएगा।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



