सावधानी हटी, दुर्घटना घटी, तीसरे मैच में तिलक वर्मा खा गए गच्चा; रन आउट से सब हैरान
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी20 मैच के दौरान उपकप्तान तिलक वर्मा अजीबोगरीब तरीके से रन आउट हुए। उन्होंने 16 गेंद में 28 रन बनाए।

भारतीय टीम ने तीसरे टी20 मैच में 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 223 रन बनाए। टीम के लिए अभिषेक शर्मा ने सर्वाधिक 69 रन बनाए। भारत की ओर से दो बल्लेबाज रन आउट हुए, जिसमें तिलक वर्मा के आउट होने के पर कोई हैरान रह गया। तिलक वर्मा और अक्षर पटेल के बीच अच्छी साझेदारी हो रही थी लेकिन उपकप्तान सही समय पर क्रीज के अंदर नहीं पहुंच पाए और रन आउट हो गए। कुछ देर बाद अक्षर पटेल भी रन आउट हुए। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 69 रन बनाए, जबकि इशान किशन ने 37 रन की पारी खेली।
तिलक वर्मा हुए रन आउट
भारतीय टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा 17वें ओवर में गैरजरूरी तरीके से रन आउट हो गए। अक्षर ने मोती की गेंद को बाउंड्री की तरफ खेला लेकिन पूरन ने शानदार बचाव किया। तिलक को लगा कि चौका लग गया है और उन्होंने क्रीज पर वापस पहुंचने की कोशिश भी नहीं की और रन आउट हो गए। रिप्ले में साफ दिखा कि जब पूरन ने गेंद को विकेटकीपर होप के पास फेंका, जिन्होंने गेंद अगली बॉल फेंकने के लिए मोती को दी। हालांकि उन्होंने गेंद मिलने के बाद तुरंत बेल उड़ा दी और आउट की अपील की। जब मोती ने गिल्ली बिखेरी तो तिलक क्रीज से काफी दूर रह गए थे।
पहले कंफ्यूजन में तिलक वर्मा रन आउट हुए और उसके बाद अक्षर पटेल ने भी गलती की और रनआउट हुए। ऐसा हो सकता था कि अगर ये दोनों बल्लेबाज अंत तक क्रीज पर रहते तो भारत आसानी से 240 के स्कोर तक पहुंच सकता था।
टॉस हारने के बाद भारत ने अच्छी शुरुआत करते हुए पॉवरप्ले में 87 रन ठोके थे लेकिन इसके बाद रन गति धीमी पड़ गयी। सात से 15 ओवर तक भारत ने 87 रन जोड़े जबकि आखिरी पांच ओवरों में भारत 49 रन ही जोड़ पाया और आखिरी चार विकेट गंवा दिए।
भारत ने बनाए 223 रन
अभिषेक ने 30 गेंद में पांच छक्कों और छह चौकों से 69 रन की पारी खेलने के अलावा इशान किशन (37 रन, 18 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़कर भारत को ठोस मंच प्रदान किया। इस साझेदारी के टूटने के बाद हालांकि भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए, जिससे टीम उम्मीद के मुताबिक रन नहीं जुटा सकी और पारी की अंतिम गेंद पर ऑल आउट हो गई। वेस्टइंडीज ने रविवार को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को 223 रन पर समेट दिया।
वेस्टइंडीज की तरफ से ऑफ स्पिनर रोस्टन चेस सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 38 रन देकर दो विकेट चटकाए। तेज गेंदबाज शमार स्प्रिंगर और शमार जोसेफ ने भी दो-दो विकेट चटकाए लेकिन क्रमश: 50 और 54 रन लुटाए।


