UP में बनें 3 रणजी क्रिकेट टीमें, स्टेडियम में Gen Z खिलाड़ियों ने किया प्रदर्शन; उठाई बड़ी मांग
उत्तर प्रदेश की एक टीम रणजी खेलती है, लेकिन जेन जी खिलाड़ियों की मांग है कि इस बड़े प्रदेश से एक नहीं, बल्कि तीन टीमों को रणजी ट्रॉफी में खेलना चाहिए। इसको लेकर उन्होंने स्टेडियम में प्रदर्शन किया।

लखनऊ स्टेडियम के भीतर जेन जी खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों ने एक बड़ी मांग की और प्रदर्शन भी किया। दरअसल, उत्तर प्रदेश में तीन रणजी क्रिकेट टीमें बनाए जाने की मांग 'जेन जी' खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में की और इस दौरान उन्होंने जोरदार प्रदर्शन भी किया। यूपी के युवा क्रिकेटर चाहते हैं कि इस बड़े प्रदेश में तीन संघ बनाए जाएं और इस तरह तीन टीमें रणजी ट्रॉफी में खेलें।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट प्लेयर एसोसिएशन एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पूर्वांचल के तत्वावधान में पूर्वांचल एवं मध्य उत्तर प्रदेश के 'जेन जी' क्रिकेट खिलाड़ियों और अभिभावकों ने रविवार को इकाना स्टेडियम के अंदर प्रदर्शन किया और इन इलाकों के क्रिकेट खिलाड़ियों को बराबर के मौके देने के लिए उत्तर प्रदेश में तीन रणजी टीमें बनाने की मांग की।
सीएम योगी भी कर चुके हैं इस तरह की हिमायत
'क्रिकेट प्लेयर एसोसिएशन' के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पूर्व में उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य में सभी खिलाड़ियों को उनका वाजिब हक और अवसर दिलाने के लिए एक से ज्यादा रणजी टीमें बनाने की हिमायत कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की लगभग 25 करोड़ की आबादी को देखते हुए प्रदेश में तीन क्रिकेट संघ यानी तीन रणजी टीमें होनी चाहिए और इसी मांग को लेकर 250 'जेन जी' खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में प्रदर्शन किया।
3-3 टीमें एक राज्य से खेल सकती हैं
आपकी जानकारी के लिए बता दें, उत्तर प्रदेश में तीन क्रिकेट संघ बनाए जाने की मांग अनुचित नहीं है, क्योंकि पहले से दो ऐसे प्रदेश हैं, जिनकी तीन-तीन टीमें रणजी खेलती हैं। महाराष्ट्र और गुजरात में तीन-तीन क्रिकेट संघ और उनकी टीमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई द्वारा आयोजित सभी टूर्नामेंट्स में खेलती हैं। हर एक संघ को बीसीसीआई से पैसा क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए मिलता है। वहीं, यूपी भारत का सबसे बड़ा राज्य आबादी के हिसाब से है, लेकिन फिर भी एक टीम है।
महाराष्ट्र से महाराष्ट्र, मुंबई और विदर्भ की टीम खेलती है, जबकि गुजरात से गुजरात, बड़ौदा और सौराष्ट्र की टीमें रणजी ट्रॉफी और बीसीसीआई द्वारा आयोजित सालाना इवेंट्स में खेलती हैं। ऐसे में यूपी के युवा क्रिकेटरों ने भी इसी तरह की मांग की है। अब देखना ये है कि बीसीसीआई क्या इस पर फैसला आने वाले समय में लेगी या फिर मांग बड़े स्तर पर होने से ही युवा खिलाड़ियों का करियर संवरेगा।


