Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Those who used to taunt me and my family are praising me today says Kranti Goud
जो लोग मुझ पर और मेरे परिवार पर ताना कसते थे, वही आज तारीफ कर रहे हैं: क्रांति गौड़

जो लोग मुझ पर और मेरे परिवार पर ताना कसते थे, वही आज तारीफ कर रहे हैं: क्रांति गौड़

संक्षेप:

मध्य प्रदेश के घुवारा गांव की रहने वाली भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को एक समय यह भी पता नहीं था कि भारत की महिला क्रिकेट टीम भी है। वह शुरुआत में लड़कों के साथ क्रिकेट खेलती थी। एक समय जो लोग उन्हें और उनके परिवार को ताना मारा करते थे, आज वो भी उनकी तारीफ कर रहे हैं।

Nov 06, 2025 03:28 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

मध्य प्रदेश के घुवारा गांव की रहने वाली भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने खुलासा करते हुए कहा कि एक समय उन्हें यह भी पता नहीं था कि भारत की महिला क्रिकेट टीम भी है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इस 22 वर्षीय खिलाड़ी ने हाल में समाप्त हुए महिला वनडे विश्व कप में में 18.55 की औसत से नौ विकेट लिए जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ मैच में तीन विकेट लेना भी शामिल था। भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

गौड़ ने गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात से ठीक पहले पीटीआई वीडियो से कहा, ‘मुझे तो यह भी नहीं पता था कि महिला क्रिकेट टीम भी है। यहीं से क्रिकेट में मेरा सफर शुरू हुआ था।’

उन्होंने कहा, ‘मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है क्योंकि यह मेरा पहला विश्व कप था और अब हम विश्व चैंपियन हैं। यह मेरे, मेरे परिवार और पूरे देश के लिए गर्व की बात है।'

क्रांति की कहानी स्टेडियम की दूधिया रोशनी और कैमरों से कहीं दूर शुरू हुई। वह ज़्यादातर दूर से ही कुछ लड़कों को खेलते हुए देखती थी और जब भी गेंद उसके दरवाज़े पर आती, तो वह उसे वापस फेंक देती थी।

ये भी पढ़ें:आप बहुत ग्लो करते हो सर...जब हरलीन देओल ने पूछा राज तो शरमा गए पीएम मोदी; VIDEO

एक दिन अचानक उन्हें एक मैच में तब अंतिम एकादश में जगह मिल गई, जब लड़कों को एक खिलाड़ी की जरूरत थी।

क्रांति ने कहा, ‘जब मैंने उनके साथ खेलना शुरू किया, तो वे मुझे सिर्फ़ एक क्षेत्ररक्षक के तौर पर खिलाते थे, लेकिन धीरे-धीरे मैंने भी खेलना सीख लिया। मुझे तो यह भी पता नहीं था स्पिन गेंदबाज़ी नाम की भी कोई चीज भी होती है। इसलिए मैंने लड़कों को देखकर तेज़ गेंदबाज़ी शुरू कर दी।’

उन्होंने राजीव बिल्थरे का जिक्र करते हुए कहा, ‘तब मैंने एक लेदर बॉल टूर्नामेंट खेला और राजीव सर से मिली।'

राजीव बिल्थरे छतरपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव भी थे और उन्हें क्रांति की गेंद की रफ्तार काफी प्रभावशाली लगी थी।

उन्होंने कहा, ‘उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट भी खेलना चाहती हूं। मुझे नहीं पता था कि लड़कियों की अंतरराष्ट्रीय टीम भी है और फिर वह मुझे अपनी अकादमी में ले गए। छह महीने के भीतर मैं सीनियर डिवीज़न में खेली और एक साल के भीतर मैंने वडोदरा में राज्य की घरेलू अंडर-19 टीम में पदार्पण किया।'

ये भी पढ़ें:भारतीय टीम से PM नरेंद्र मोदी ने की खास अपील, बोले- जब आप घर जाओ तो...

क्रांति ने कहा, ‘मैं एक छोटे से गांव से हूं, इसलिए वहां लड़कियों को खेलने की इजाजत नहीं थी। मेरे परिवार से कहा जाता था कि तुम उसे लड़कों के साथ क्यों खेलने देते हो। तब मैंने सोचा कि एक दिन मैं अपने प्रदर्शन पर सबको तालियां बजाने पर मजबूर कर दूंगी।'

उन्होंने कहा, ‘और जो लोग मुझे और मेरे परिवार को ताना मारते थे, वे अब हमारी सराहना कर रहे हैं। अब महिला टीम भी बेहतर हो रही है और विश्व कप जीतने के बाद यह बहुत आगे जाएगी।'

इस युवा तेज गेंदबाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी मुलाकात की एक विशेष याद भी साझा की।

क्रांति ने कहा, ‘मैंने उनसे कहा कि मेरा भाई आपका बहुत बड़ा प्रशंसक है। प्रधानमंत्री मुस्कुराए और बोले कि मैं जल्द ही आपके भाई से जरूर मिलूंगा।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |