शान मसूद की जगह ये खिलाड़ी बन सकता है टेस्ट कप्तान, PCB लेगा दो बड़े फैसले; सरफराज अहमद भी रडार पर
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) कुछ दिनों में दो बड़े फैसले लेने वाला है। शान मसूद से पाकिस्तान टेस्ट टीम की कप्तानी छिन सकती है। हेड कोच सरफराज अहमद भी रडार पर हैं।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के शीर्ष अधिकारी इस सप्ताह के आखिर में कराची में होने वाली बैठक में टेस्ट टीम के कप्तान शान मसूद और हेड कोच सरफराज अहमद के भविष्य पर महत्वपूर्ण निर्णय लेंगे। बैठक में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी भी शामिल होंगे। इसमें यह तय किया जाएगा कि बांग्लादेश दौरे पर टीम की 0-2 से शर्मनाक हार के बाद शान मसूद और सरफराज अहमद को आगामी इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दौरों के लिए अपनी जिम्मेदारियों के साथ बरकरार रखा जाए या नहीं।
क्या सलमान अली आगा को मिलेगी कप्तानी?
पीसीबी सूत्र ने कहा, '' सबसे अहम फैसला शान मसूद के वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरों पर टेस्ट टीम के कप्तान बने रहने पर होगा।'' सूत्र ने कहा, ''कुछ चयनकर्ताओं और बोर्ड के कुछ अधिकारियों का मानना है कि अब टेस्ट टीम की कप्तानी सलमान अली आगा को सौंपने का समय आ गया है।'' मसूद हालांकि कप्तानी जारी रखना चाहते हैं, लेकिन बांग्लादेश दौरे के निराशाजनक प्रदर्शन का असर उनके भविष्य पर पड़ सकता है। आगा सीमित ओवरों के प्रारूप में राष्ट्रीय टीम की अगुवाई कर चुके हैं। वह फिलहाल टी20 टीम के कप्तान हैं। सूत्र ने यह भी बताया कि पीसीबी ने अभी तक सरफराज खान के साथ कोई अंतिम समझौता नहीं किया है। पूर्व कप्तान यूनिस खान को अगले मुख्य कोच के रूप में गंभीर दावेदार माना जा रहा है।
यूनिस खान के साथ समझौता तक ऐसा होगा
एक अधिकारी ने कहा, ''फिलहाल ऐसा लगता है कि यूनिस खान के साथ समझौता होने तक सरफराज अपने पद पर बने रहेंगे। बोर्ड में किसी भी पद को स्वीकार करने के मामले में यूनिस अपनी शर्तो पर काम करने के लिए जाने जाते हैं।'' पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज भी मुख्य कोच पद के संभावित दावेदारों में शामिल हैं। पीसीबी अधिकारियों ने दोनों से बातचीत की है, लेकिन अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। नकवी बोर्ड में दोहरी जिम्मेदारियां निभा रहे अधिकारियों का कार्यभार भी कम करना चाहते हैं। वर्तमान में पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक, असद शफीक, सरफराज और आकिब जावेद राष्ट्रीय चयनकर्ता हैं, जबकि इनमें से कुछ अधिकारी बोर्ड में अन्य भूमिकाएं भी निभा रहे हैं। सीमित ओवरों के मुख्य कोच माइक हेसन भी चयन प्रक्रिया से जुड़े हुए हैं। निदेशक (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट) के पद पर नियुक्ति को लेकर भी इस बैठक में फैसला लिया जा सकता है।
शाहीन अफरीदी को टेस्ट में चुनने पर संशय
इस बीच, पाकिस्तान के अनुभवी तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के आगामी टेस्ट दौरों के लिए टीम में शामिल किए जाने पर संशय है। चयनकर्ता और टीम प्रबंधन उनके कार्यभार को नियंत्रित करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। पाकिस्तान टीम वेस्टइंडीज दौरे पर 25 जुलाई से दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी, जहां 19 अगस्त से तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। शाहीन पाकिस्तान की एकदिवसीय (वनडे) टीम के कप्तान हैं। एक सूत्र ने बताया, ''चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन का मानना है कि शाहीन के कार्यभार को संतुलित रखना बेहतर होगा और अब उन्हें मुख्य रूप से सीमित ओवरों की क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।'' सूत्र ने बताया कि शाहीन हालांकि इस फैसले से संतुष्ट नहीं है और अधिक से अधिक टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं। इस 26 साल के तेज गेंदबाज ने 34 टेस्ट मैचों में 126 विकेट हासिल किए हैं।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



