ये हैं IPL इतिहास के 7 सबसे बदकिस्मत कप्तान, विराट कोहली टॉप पर; लिस्ट में सचिन तेंदुलकर भी शामिल
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सबसे बदकिस्मत कप्तानों की टॉप 7 लिस्ट में विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर से लेकर राहुल द्रविड़ तक शामिल हैं। कोहली ने लंबे अरसे तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की कमान संभाली।

आईपीएल 2026 का धूम-धड़ाका शुरू होने में ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का 28 मार्च से आगाज होगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) डिफेंडिंग चैंपियन है। रजत पाटीदार की अगुवाई में आरसीबी ने 2025 में आईपीएल का खिताबी सूखा समाप्त किया था। पाटीदार ने आईपीएल में पहली बार कप्तानी करते हुए कमाल कर दिया था। हालांकि, आईपीएल में कई कप्तान लंबे समय तक कमान संभालने के बावजूद ट्रॉफी को तरस गए। नए सीजन से पहले चलिए आपको आईपीएल इतिहास के 7 सबसे बदकिस्मत कप्तानों के बारे में बताते हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज हैं।
आईपीएल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच खेलने के बावजूद कभी ट्रॉफी नहीं जीतने वालों की लिस्ट में कोहली टॉप पर हैं। स्टार बल्लेबाज कोहली ने 143 मैचों में आरसीबी की कमान संभाली मगर खिताब नहीं जीत सके। कोहली की कप्तानी में आरसीबी ने सिर्फ एक बार आईपीएल फाइनल खेला। आरसीबी को 2016 में आयोजित खिताबी मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के हाथों 8 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। कोहली ने आईपीएल 2022 से पहले आरसीबी की कप्तानी छोड़ दी थी। वह 2008 में आईपीएल की शुरुआत से ही आरसीबी का हिस्सा हैं।
संजू सैमसन ने बतौर कप्तान आईपीएल में 67 मैच खेले पर ट्रॉफी हाथ नहीं आई। उन्होंने 2021 से 2025 तक राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की बागडोर संभाली। वह आगामी सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे, जिसकी बागडोर ऋतुराज गायकवाड़ संभालेंगे। आरआर ने सैमसन का सीएसके से ट्रेड किया। केएल केएल राहुल ने 64 मैचों में कमान संभाली लेकिन आईपीएल खिताब से दूर रहे। उन्होंने पंजाब किंग्स से लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) तक की कप्तानी की। वह अब दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का हिस्सा हैं, जिसकी कप्तानी अक्षर पटेल के पास है।
ऋषभ पंत 57 आईपीएल मैचों में बागडोर संभालने के बावजूद ट्रॉफी पर कब्जा नहीं जमा सके हैं। वह एलएसजी के कप्तान हैं। पंत दिल्ली कैपिटल्स का भी नेतृत्व कर चुके हैं। पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने 53 मैचों में कप्तानी की पर ट्रॉफी हाथ नहीं आई। वह दिल्ली और पंजाब फ्रेंचाइजी के कप्तान रहे। बदकिस्मत कप्तानों की सूची में सचिन तेंदुलकर छठे नंबर पर हैं। महान बल्लेबाज सचिन ने 2008 से 2011 के दौरान 51 मैचों में मुंबई इंडियंस (एमआई) का नेतृत्व किया। पूर्व दिग्गज राहुल द्रविड़ सातवें पायदान पर हैं। उन्होंने 48 मैचों में बागडोर संभाली लेकिन ट्रॉफी नहीं जीते। उन्होंने आरसीबी और आरआर की अगुवाई की थी।
ये हैं IPL के 7 सबसे बदकिस्मत कप्तान
143 मैच- विराट कोहली
67 मैच - संजू सैमसन
64 मैच- केएल राहुल
57 मैच - ऋषभ पंत
53 मैच - वीरेंद्र सहवाग
51 मैच- सचिन तेंदुलकर
48 मैच - राहुल द्रविड़
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



